Skip to main content

लोककला_और_तीजनबाई


लोककलाएं अपने भूगोल में देसी होती हैं किंतु व्याप्ति में एक समूचे राष्ट्र और उसकी सांस्कृतिक पहचान को समेटे होती हैं।वे शास्त्रों के ज्ञान को भदेस में लोक तक संचारित करती है। यदि ऐसा न हो तो सुप्रीम कोर्ट में पढ़े-लिखे लोगों द्वारा श्री राम को काल्पनिक बताने वाले अपनी कुचाल में सफल न हो जाता अगर राम की दामाद के रूप में लोक में चेतना न होती। यही लोककला है जो गाती है कि,'ऐ पहुना,ऐही मिथिला में रहना'। और मां जानकी के साथ अपने राजा को यह राष्ट्र बिहार क्षेत्र में पाहुन बनाकर पीढ़ी दर पीढ़ी स्मृतियों में संजोकर रखता है।

लोककला जिसकी काया देसी है किंतु आत्मा राष्ट्रीय। महादेव,श्रीराम और श्रीकृष्ण इस भारत राष्ट्र की आत्मा हैं।यह वह‌ भित्ति है जिसपर भारत का चित्र बना है।उसकी सांस्कृतिक चेतना की बुनाई इन्हीं तीनों से हुई हैं। किंतु जिस शलाका पर यह चेतना बुनी है वह भारत की लोककलाएं हैं।अपने रूप में देसी किंतु आत्मा से राष्ट्रीय।

भारत के किसी कोने में बैठकर जब किसी ने इक भारी-भरकम - गरजती आवाज़ में सुना होगा,'तो चलिए अब चलते हैं कुरूक्षेत्र की ओर जहां कौरव और पांडव की सेना आमने-सामने खड़ी है',तब सम्मुख जन-मानस एकसाथ कुरूक्षेत्र में उतर जाता रहा होगा।काल को अपनी कला से ठेंगा दिखाने वाली भारत के खूबसूरत छत्तीसगढ़ राज्य के पंडवानी नृत्य की अधिकारिणी तीजन बाई,जिनका बीते दिनों देहावसान हो गया किंतु जिनकी आत्मा इसी भारतभूमि की मिट्टी में ही ओतप्रोत होगी।भारतीय लोककला की वह विदुषी जिनके सम्मुख मेरे जैसे पढ़ी-लिखी भी पानी भरती है। ज्ञान का अमिट आकाश जिनके पास था जबकि वे निरक्षर थीं।जिनकी कला ने महाभारत जैसे महाकाव्य को बिना किसी तामझाम के पीढ़ी दर पीढ़ी प्रस्तुत किया अपने इकतारे से,अपनी गरजती आवाज़ से। हाथों में पकड़े उस इकतारे से उन्होंने लोककला के माध्यम से जीवनमूल्यों को पीढ़ियों में पिरोने का कार्य किया। ऐसा एक इकतारा जिसमें पंडवानी कला का समंदर बंधा हुआ था।

पंडवानी छत्तीसगढ़ की पारंपरिक और प्रसिद्ध लोक गायन एवं नाट्य शैली है जिसमें महाभारत की कथाओं को संगीत और अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया जाता है। इसकी दो शैलियां हैं - वेदमती और कापालिक। वेदमती शैली स्त्रियों के लिए हैं जिसमें वे बैठकर पंडवानी गाती हैं। कापालिक शैली पुरुषों के लिए है जिसमें वे खड़े होकर दमदार आवाज में गायन और अभिनय करते हैं। मात्र 13 साल की उम्र में जब तीजन ने पुरुषों के वर्चस्व वाली कापालिक शैली में गायन और अभिनय शुरू किया होगा तो जो संघर्ष उन दिनों उन्होंने किया होगा ,उसने उनकी प्रतिभा को एक नया आयाम दिया।वह‌ विरल प्रतिभा, संघर्ष ने जिसे विकसित किया।उन्होंने अपनी कला किसी विश्वविद्यालय में नहीं सीखी,वह स्वयं के तप और साधना का फल थी। विश्वविद्यालय तो केवल नौकर बना रहें हैं।वह भी रीढ़विहीन नौकर ।

खैर,इस दारूणकथा के लिए यहां स्थान नहीं है।

मैं हतभागी जिसने उन्हें देखा तो किंतु उनकी प्रस्तुति को कभी न देख पाई।अब कभी नहीं देख पाऊंगी।उस पुण्यात्मा को विनम्र श्रद्धांजलि है।🙏

 उनसे भी और परमपिता परमेश्वर से भी यही प्रार्थना है कि अगली बार तीजन बाई धरा पर आएं तो इसी भारतभूमि पर उतरें अपनी उसी इकतारे के साथ जिसकी लोककला ने भारतीय सांस्कृतिक चेतना को पीढ़ियों तक झंकृत रखा। जिसने व्यास जैसे विद्वान के संकलित-रचित महाभारत को लोकस्वर दिया।

मां फिर मेरे देश आना अपने इसी देसी अंदाज में।

और अंत में,भारत के पास गौरव के लिए यदि उसका इतिहास,उसकी संस्कृति,उसका वैभव ,उसका दार्शनिक ज्ञान है तो उसकी लोककलाएं भी हैं जिन्होंने विविधता भरे भारत को सदियों से एकसूत्र में बांधे रखा है। ध्यान रखना होगा सरकारों को,हमको-आपको कि आधुनिकता के ऐश्वर्य में हम परंपराओं की ऐसी थाती को,लोककलाओं की ऐसी विभूति को खो न दें।

इस दुख को यहां लिखने से मैं खुद को रोक नहीं पा रही हूं कि इस देश से सबसे पहले उसकी भाषा छिनी गई, कुटुम्ब छीना गया,अब दर्शन छीना जा रहा है और अंतिम वार हमारी लोककलाओं पर ही होगा।



Comments

Popular posts from this blog

गणतंत्र दिवस और उस लड़की के स्वप्न...

उस लड़की के घर में स्वतंत्रता दिवस,गणतंत्र दिवस जैसे दिन एक उत्सव के रूप में मनाया जाता था।उसके पिताजी का कथन था कि ये दो दिन तो राष्ट्रीय पर्व का दिन है।पिताजी अन्य त्यौहारों पर भले उत्साहित रहें न रहें‌ अथवा मां के कहे अनुसार भोजन तथा अन्य त्यौहार अनुसार सामग्रियां लेकर आतें किंतु स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर वे बिना कहे भोजन सामग्री ले आतें और मां को बनाने को कहते।सुबह-सवेरे ही घर में टेलीविजन खुल जाता और दोनों दिनों के ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम तथा गणतंत्र दिवस पर होने वाली विभिन्न झांकियों का पूरा परिवार मिलकर आनंद लेतें।जाहिर सी बात है कि वैसे माहौल में कौन भला होगा जो सोया रहे। पिताजी बराबर सब भाई-बहनों को सुबह जल्दी उठकर टेलीविजन पर चलने वाले कार्यक्रमों को देखने के लिए कहतें।किंतु वह‌ लड़की उस माहौल में भी सोई रहती।मां डराती कि उठ जाए अन्यथा पिताजी नाराज़ होंगे।किंतु वह लड़की इतना ही कहती कि वह एक दिन वहां उपस्थित होकर इन‌ दो दिनों के कार्यक्रमों को देखेगी और वह भी किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में उसे अवसर मिलेगा और तब तक वह टेलीविजन पर नहीं देखेगी।मां इस बात से खी...

उदास दिन...

मैं अक्सर बेहिसाब उदासी से भर जाती हूं।इतनी उदास कि इस उदासी से दुनिया में एक नया महासागर बन‌ सकता है और दुनिया के नक्शे में पांच महासागर की जगह कुल छह समंदर हो जाएं।जब मैं कहती हूं किसी अपने से कि बहुत उदास हूं तो वह मुझे समझाता है कि फलां-फलां कारण से उदास हो और फलां-फलां काम करो,मन लगाओ तो उदासी दूर हो जाएगी। गोया उदास होना बहुत बुरी बात हो।कोई नहीं मिलता जो ये कहे कि ओह!उदास हो!अच्छी बात है,रहो उदास और इस दुनिया की चिंता मत करो।यह उदासी तुम्हारी यानि मेरा किरदार है इस दुनियावी रंगमंच पर। वर्ष भर के किन्ही‌ कमजोर दिनों में मैं अपनी उदासी को साधने में नाकामयाब होती हूं और तब उन दिनों में मैं अपने पसंदीदा गाना नहीं गा पाती‌ हूं।उन गीतों को भी नहीं जो प्रसन्नता के दिनों में बड़े सुर में निकलते हैं।उदासी‌ भरे गीतों के तो बोल तक नहीं फूटते कंठ से जबकि मुझे लगता है मेरी आवाज़ पर वे ही गीत अधिक फबते हैं।इन बेहद गहरे उदास दिनों में कुछ लिखा‌ भी नहीं जाता।शब्द कहीं खो जाते हैं।अर्थ अपनी अभिव्यक्ति में असमर्थ से हो जाते हैं।उथले से वाक्य बनते हैं और बेहद छिछले से वाक्यांश।और कलम!साध लेती है च...

समय से छले गए हमलोग...

बहन-बेटियों के लिए मायके की धूल भी स्वर्ण जैसे प्यारी होती है।फिर मायके में कोई दुखद घटना घट जाए और पता भी न चले तो ह्रदय धक् से दुख के गहनतम तल पर जा धंसता है।या कोई अच्छी बात घटे तो उसे सुनकर प्रसन्न होती हैं किंतु इस प्रसन्नता में एक दबी सी आह छिपी होती है कि वे क्यों न सम्मिलित हो पाईं उस सुख या दुख में।उस दुख को बांटने या कहें कि उससे निकलने के लिए और वर्तमान में आने के लिए बहनें जो अलग-अलग देश में ब्याह दी गई हैं,एक-दूसरे से बातें करती हैं,पुराने दिनों को याद कर कभी रोती,कभी हंसती हैं।लेकिन इन तमाम बातों के बीच भी यह बात उन्हें अधिक सालती है कि फलाने आजी-बाबा,फलाने भैय्या-भौजी (और तमाम इस तरह के रिश्ते) अब नहीं रहें और यह खबर बेटियों तक देर से पहुंची।बेटियां सच में एकदिन इतनी परायी हो जाती हैं कि घरवाले गाॅंव-जवार की खबर देना भी बेटियों को आवश्यक नहीं समझतें। एक समय बाद वह घर जहां जन्म लियें,वह‌ गाॅंव,गाॅंव के लोग जिनके बीच पलकर बड़े हुए,रोते-रोते जिनसे यह कह कर विदा ली कि अब हंसते रहेंगे और अब जब अरसा बीत गया मायके गये तो जाने पर उनमें से कुछ से भेंट होगी,न होगी,कौन जाने! बहरहाल...