Skip to main content

जीवन का क्रिकेटीय आईना...





खेल,चाहे कोई भी हो,केवल इसलिए नही भाता कि वह खेल है और हमारा मनोरंजन करता है।खेल देखना या खेलना इसलिए अच्छा लगता है क्योंकि यह जीवन का आईना है।जैसे हम इस समष्टि रूपी स्वप्न में भी सोते हुए स्वप्न देखते हैं या कहें कि स्वप्न में स्वप्न देखते हैं,वैसे ही जीवन को जीते हुए खेल में जीवन के अक्स को देखना तब बहुत राहत देता है जब आप अर्श से फर्श पर होते हैं और एक लम्बी नाकामी,असफलता,आलोचना के बाद भी तमाम अटकलों,आलोचनाओं को धता बताते हुए पुनः अर्श पर जा विराजते हैं।


हमारे-आपके जीवन की कहानी भी तो कुछ ऐसी ही होती है!कभी हम बुरी तरह हार जाते हैं,कभी जरा से अंतर से चूक जाते हैं!जिंदगी खूब भगाती-दौड़ाती है और हाथ आती है तब भी असफलता,निराशा-हताशा!गैरों की आलोचना,अपनों की बेरूखी!हमारे जीवन के समीक्षकों के हमारे चूक जाने का ऐलान!और एक दिन हम इन सबको गलत सिद्ध करते हुए पुनः अपने आपको मजबूती से खड़ा पाते हैं।हमें बस कोहली-पांडया की साझेदारी की तरह धैर्य के साथ अपनी जीवन की पारी को संभालकर,अश्विन की तरह समझदारी दिखाते हुए उन सब आलोचनाओं-बेरूखियो रूपी वाइड बाॅल को छोड़कर,उस अंतिम एक रन के लिए बिना किसी घबराहट के सीधे बल्ले से खेलकर डर रूपी खिलाड़ी से बस पार कराना होता है।और हमसब जानते ही हैं कि डर के आगे जीत है। 


आप क्या सोचते हैं कल के मैच का सबसे रोमांचकारी पहलू क्या था?दृढ़ निश्चय से भरी उनकी पारी का सबसे आकर्षक पक्ष शाहीन शाह अफ़रीदी और इस मैच में ख़ौफ़ का प्रयाय बनते जा रहे हारिस रऊफ़ की गेंदों पर धमाकेदार शॉट्स?नहीं,यह सबसे आह्लादकारी नहीं था।क्योंकि कोहली ने न तो पहली बार ऐसे शाॅट्स खेले हैं,न पहली बार ऐसी पारी।वह तो कोहली करते ही हैं जब भारत रनों का पीछा करती है। 

कल के मैच की असल उपलब्धि है उनका फ़ाइटिंग स्पिरिट से अपने रंग में लौटना और टीम के लिए पुनः हाई-प्रेशर गेम जीतना।ख़ासकर तब,जब दबी ज़बान में ही सही,क्रिकेट पंडितों ने विराट कथा का उपसंहार लिखना शुरू कर दिया था।तब जब एकदिवसीय और टीट्वेंटी के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक कोहली को कप्तानी छोड़नी पड़ी हो।मैं भी उनलोगों में से एक थी जो चाहती थी कि कोहली कप्तानी छोड़ दें क्योंकि कप्तानी का दबाव उनके खेल को निखारने के बजाय कुंद ही कर रहा था।जिन्हें लगता था कि कप्तानी जाने के बाद उन्हें टीम से भी जाना होगा,उन्हें मालूम होना चाहिए कि शेर अगर एक कदम पीछे करता है तो डरकर नहीं बल्कि उसका निशाना एकदम सटीक लगे इसलिए वह पीछे हटता है। 


देखा जाए तो अपने जीवन में भी हमें यही भाता है।अपनी शर्तों पर अपना खेल खेलना और प्रत्येक चुनौती से पार पा जाना।इसलिए मुझे खेल केवल खेल नहीं लगता।वह हमारी-आपकी ज़िन्दगी का एक आईना लगता है। 


एक बात और,मैच के बाद मैने देखा लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर को उछलते-कूदते हुए!इस बूढ़े बच्चे की मैंने तुरंत गूगल पर उम्र देखी!73 वर्ष!😊हम उम्र से कितने भी बूढ़े हो जाएं!किंतु हमारे अंदर का बच्चा हमेशा बच्चा बना रहे,वह सदैव यूँ ही हर बाधा को पार कर जीतने पर उछल-कूदकर अपनी खुशी मनाता रहे।

जैसे कल कप्तान अपने कंधे पर अपने सबसे नायाब हीरे को कंधे पर उठा कर झूम उठे,इसी तरह वह इस टीट्वेंटी ट्राॅफी को भी अपने हाथों में उठा हम सभी क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह विश्वकप अविस्मरणीय बना दे,हमें भी झूमने का अवसर दें,यही मनोकामना है। 

मैं सोचती हूँ जो क्रिकेट नहीं देखता,वह क्रिकेट क्यों नहीं देखता!क्यों भला इस अव्यवस्थित,बेढंगे जीवन में एक रोमांचकारी अनुभव को अनुभूत करने से अपने को वंचित रखता है!कल का मैच तो उन कुछ चुनिंदा मैच में से एक है जिसे मृत्यु अगर मोहलत दे तो मैं जीवन के आखिरी क्षणों में देखना चाहूंगी।फिर कल का मैच तो सभी को देखना अनिवार्य कर देना चाहिए क्योंकि कुछ मैच केवल खेल नहीं होते,जीवन का अक्स होते हैं। 


बहरहाल, 


हमसब अपने जीवन में विराट की तरह अपनी असफलताओं को पीछे छोड़ फिर से उठ खड़े हों, अपनी शर्तों पर,अपने ही तरीके से,यह प्रकाशपर्व हम सबमें इतनी हिम्मत,इतना हौसला भरे।हर दीपक हमारे भय,हमारी आलोचना रूपी अंधकार को छांटकर हमारे मार्ग को प्रशस्त करे,यही प्रार्थना है। 













Comments

Popular posts from this blog

गणतंत्र दिवस और उस लड़की के स्वप्न...

उस लड़की के घर में स्वतंत्रता दिवस,गणतंत्र दिवस जैसे दिन एक उत्सव के रूप में मनाया जाता था।उसके पिताजी का कथन था कि ये दो दिन तो राष्ट्रीय पर्व का दिन है।पिताजी अन्य त्यौहारों पर भले उत्साहित रहें न रहें‌ अथवा मां के कहे अनुसार भोजन तथा अन्य त्यौहार अनुसार सामग्रियां लेकर आतें किंतु स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर वे बिना कहे भोजन सामग्री ले आतें और मां को बनाने को कहते।सुबह-सवेरे ही घर में टेलीविजन खुल जाता और दोनों दिनों के ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम तथा गणतंत्र दिवस पर होने वाली विभिन्न झांकियों का पूरा परिवार मिलकर आनंद लेतें।जाहिर सी बात है कि वैसे माहौल में कौन भला होगा जो सोया रहे। पिताजी बराबर सब भाई-बहनों को सुबह जल्दी उठकर टेलीविजन पर चलने वाले कार्यक्रमों को देखने के लिए कहतें।किंतु वह‌ लड़की उस माहौल में भी सोई रहती।मां डराती कि उठ जाए अन्यथा पिताजी नाराज़ होंगे।किंतु वह लड़की इतना ही कहती कि वह एक दिन वहां उपस्थित होकर इन‌ दो दिनों के कार्यक्रमों को देखेगी और वह भी किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में उसे अवसर मिलेगा और तब तक वह टेलीविजन पर नहीं देखेगी।मां इस बात से खी...

19/06/2025

मां जब बीमार पड़ी और ऐसी पड़ी कि फिर पहले जैसी न हुईं,उन्हीं दिनों की बात है जब देह में एक अनजाने रोग ने दस्तक दी।दस्तक ही इतनी जोरदार थी कि लगा आगे क्या होगा।इन भय से भरे दिन में जब मां से मिलने गई किंतु बता न सकी कि मैं कितने दर्द में हूं,तभी कि बात है। बीमारी से पहले मां को न रोग बताने पड़ते थें न पीड़ाओं की गहराई,चाहे वह देह पर लगी हो या मन पर।न जाने कौन सी पढ़ाई उसने कहां से की थी कि कुछ कहना नहीं पड़ता था गो वह जानती थी कि मुझे शायद कहने नहीं आता या कहूंगी नहीं। तब दर्द से रातभर जगने के कारण अगली सुबह जब शरीर के कुछ कदम चलने में भी सहयोग देने से मना करने पर मां के बगल में लेटी।तब स्वयं पर जीवन में पहली बार दया आई।मन इस वेदना से मनो भारी हो गया कि अब दर्द को बिना कहे कोई समझने वाला नहीं है।अब बीमार पड़ने पर कोई दौड़-दौड़कर दवा लाने वाला नहीं है। वह पहली बार था जब बीमार पड़ने पर स्वयं पर रोना आया।अब भी बीमार पड़ती हूं,बीमारी में रोना आता है किंतु अब खुद पर उस दिन जैसी दया नहीं आती।अब कहने का सहूर भी आ गया है।यह न कहना भी कृतघ्नता होगी कि जीवन के सामाजिक दायरे ने ऐसा खुशनुमा विस्तार...

उदास दिन...

मैं अक्सर बेहिसाब उदासी से भर जाती हूं।इतनी उदास कि इस उदासी से दुनिया में एक नया महासागर बन‌ सकता है और दुनिया के नक्शे में पांच महासागर की जगह कुल छह समंदर हो जाएं।जब मैं कहती हूं किसी अपने से कि बहुत उदास हूं तो वह मुझे समझाता है कि फलां-फलां कारण से उदास हो और फलां-फलां काम करो,मन लगाओ तो उदासी दूर हो जाएगी। गोया उदास होना बहुत बुरी बात हो।कोई नहीं मिलता जो ये कहे कि ओह!उदास हो!अच्छी बात है,रहो उदास और इस दुनिया की चिंता मत करो।यह उदासी तुम्हारी यानि मेरा किरदार है इस दुनियावी रंगमंच पर। वर्ष भर के किन्ही‌ कमजोर दिनों में मैं अपनी उदासी को साधने में नाकामयाब होती हूं और तब उन दिनों में मैं अपने पसंदीदा गाना नहीं गा पाती‌ हूं।उन गीतों को भी नहीं जो प्रसन्नता के दिनों में बड़े सुर में निकलते हैं।उदासी‌ भरे गीतों के तो बोल तक नहीं फूटते कंठ से जबकि मुझे लगता है मेरी आवाज़ पर वे ही गीत अधिक फबते हैं।इन बेहद गहरे उदास दिनों में कुछ लिखा‌ भी नहीं जाता।शब्द कहीं खो जाते हैं।अर्थ अपनी अभिव्यक्ति में असमर्थ से हो जाते हैं।उथले से वाक्य बनते हैं और बेहद छिछले से वाक्यांश।और कलम!साध लेती है च...