Skip to main content

ईश्वर,रंग-रूप,प्रेम,मित्र…

 

मैं इसी भय से ही तो ईश्वर को स्वीकारे हूं,जबकि मैं जानती हूं कि दर्शन में जितने तर्क ईश्वर की सिद्धि के लिए है उतने ही उसके असिद्धि के लिए भी है। विज्ञान,मानो न मानने वाले का ही सहायक है और मेरी श्रद्धा! वह कभी भय मुक्त होती है या नहीं, मुझे नहीं पता ठीक ठीक।इसलिए मैं जानती हूं मेरी श्रद्धा में ये मेरे भय, मेरे घबराहट की मिलावट है जो उसको माने है। जबकि यह लिखते वक्त भी मैं डर रहीं हूं कि वह हो और यह पढ़कर कहीं गुस्से में मुझे उन संकटों में पड़ने पर फिर से न निकाले तो, जिनसे उसने कई बार मुझे निकाला है!

 मैं ऐसे ही हमेशा संशय ग्रस्त रहती हूँ।वह कभी भूले से दिखता भी तो नहीं।जैसे प्रेम!कहाँ दिखता है,हम केवल कहते हैं।विभिन्न तरीकों से, व्यक्त करते हैं प्रेम को।तभी तो बार-बार कहने-बताने के बाद भी कहते हैं।मानो शब्द शब्द नहीं होते, सेतु हों। कि एक के हृदय के भावों को दूसरे के हृदय तक पहुचाने वाले मजदूर हों।हम दिखा कहाँ पाते हैं प्रेम को,प्रेम की सच्चाइयों को।कितना प्रेम है,कहाँ दिखा पाते हैं हनुमान जी की तरह सीना चीरकर कि देखो मेरे हृदय में तुम ही तो हो।तभी तो एक दिन प्रेमी कहता है अब मैं तुमको प्रेम नहीं करता,अब तुम मुझे प्यार नहीं करते इसलिए हमे ब्रेकअप कर लेना चाहिए।और फिर हम चल देते हैं कहीं और प्रेम तलाशने।  भला प्रेम होता तो यूं खत्म कैसे हो जाता? वैसे ही कभी ऐसा हो कि मेरी श्रद्धा कह दे कि ईश्वर कहाँ है! वह तो तुम्हारा डर था,जिसके कारण तुम ईश्वर को मान बैठे थे।

श्रद्धा, जैसे पीछे छूट गया कोई मित्र जिसने कभी कहा कि “अब तुममें गुरुपन नहीं,वह तो मेरी भूल थी जो मैं ऐसा समझी थी,दरअसल तुममे एक नागिन बसता है”।तब मुझे लगा एक जहरीले हृदय में सच में प्रेम कैसे रह सकता है! मैं बहुत डर गई थी तब कि मेरी सच्चाई सबको न पता चल जाए! मैने डसा भी तो है बहुतों को।तभी से तो मेरे भीतर काफ्का नहीं रहने लगा!

 या ये भय,ये बेचैनी,घबराहट उस आदिम काल से ही मेरे भीतर तो नहीं समाया जब मेरे गर्भ में आने पर माँ को पता चला होगा और वो ये सोचकर डर गई होगी कि ढलती उम्र में संतान! मानो कोई अपराध हो जैसे!या फिर अंतिम य़ह संतान फिर लड़की न हो!या मेरे पिता ने जब जाना होगा तो डरे होंगे कि ख़र्चे में और बढ़ोतरी!

            मुझे ठीक समय नहीं पता पर ये भी हो सकता है ये डर शायद तब से हो जब बचपन में पहली बार किसी ने मेरे रंगरूप का मज़ाक बनाया था! मैं रोज ही देखती आईने में खुद को, दिन में कई कई बार,पर आईना बस चुपचाप मुझे दिखा सकता था,समझ नहीं दे सकता था ।किसी को भी नही समझा सकता आईना।और मैं उलझी रहती थी दिनभर कि मैं कहाँ से खराब हूं! औरों की तरह मेरे दो कान हैं, मुंह है,चेहरे के सब अंग ठीक से हैं,शरीर में वैसे ही सब अंग हैं जो दूसरों के पास हैं।बाद में पता चला मेरे पास रंग नहीं है,मेरे पास एक बड़ी सी नाक है जिससे हो सकता है कभी मेरी शादी न हो!लम्बाई  थोड़ी सी कम है।उबकाई सी आई थीं मुझे तब दुनिया के सुंदरता की समझ पर! मन हुआ था चिल्ला कर कहूँ मैं तब भी सुंदर हूं,मेरे पास बहुत सुन्दर मन है जो तुम्हारे पास नहीं।जिस- जिस ने मेरा मज़ाक बनाया,उसके पास नहीं है। न सुन्दर मन,न नजर।पर मैं डर गई माँ को देखकर कि कहीं मेरे चिल्लाने से इसकी बदनामी न हो, इसे कोई दिक्कत न हो और मैं चुप रह गई।पर मैं मारे गुस्से से कांपती थी उन दिनों। ये कंपकपाहट तभी से तो नहीं!

फिर एक दिन एक दोस्त ने समझा मेरे मन को और कहा”तुम्हारा मन बहुत सुन्दर है”।फिर एकदिन कहा “मुझे तुमसे नफरत है,तुममें बस वासना भरी पड़ी है”। एक बार किसी एक दूसरे दोस्त ने कहा “तुम्हारी आँखों में खरगोश सी चमक है,एक बच्चा है तुम्हारे अंदर जो तुम्हारी आँखों में दिखता है”।अंतिम झगड़े में मैंने उसीकी बात उसे याद दिलाई पर सब बेकार। शायद मेरे आँखों में रह रहे खरगोश को भकोस लिया था किसी ने या मैंने खुद! तब से मैं अपनी नजरें चुराने लगी हूं सबसे।लेकिन एक बार एक जानने वाले ने पकड़ ही लिया और कहा “तुम कुछ छुपा तो नहीं रहीं हो, तुम्हारी आँखों में उदासी है”। एक बार उसने भी कहा था “तुम्हारी आँखों में बच्चों वाले शरारत है”। मैं हास्टल के दिनों में उसे बहुत परेशान करती थी।

       मैं तब से बहुत डरी रहती हूँ कि कोई मेरी नजरें न पढ़ सके।पर न जाने कैसे प्राग की सड़कों पर बैचैन घूमने वाले काफ्का की आत्मा ने इस भय,बैचेनी,घबराहट को जान लिया,तब से मेरे भीतर काफ्का रहने लगा। 

     नहीं, ये सब झूठ हो सकता है! हो सकता है मेरी इसमे कोई गलती न हो!किसी की कोई गलती न हो! हो सकता है,दुनिया ही घबराहट में बनी हो!कोई ईश्वर हो,जो बना रहा था लाइबनित्ज की समस्त सुंदरताओं की संभावना से भरी दुनिया और अचानक उसे पता चला हो कि यह तो शोपेनहावर की दुनिया बन रहीं है,सभी संभावित दुनिया में सबसे बुरी दुनिया!और मारे डर और घबराहट के उसके हाथ से छूट गई अधूरी सी बनी दुनिया,जिसे तराशना रह गया था।दुःखों की छंटनी रह गई थी। वासनाओं के खरपतवार फेंकने को रह गया।जैसे भक्त ने छोड़ दी आराधना अधूरी,जैसे संगकार तराश न पाया अपनी मूर्ति। जैसे चित्रकार के रंग बिखर गए उसकी कृति पर,जैसे कूची के बाल गए हों बिखर।जैसे नियतियां हावी हो गई हों अपने ही रचयिता पर, जैसे उन्होंने ईश्वर को उसके पद से हटाकर कब्जा कर लिया हो दुनिया पर। जैसे और बहुत कुछ रह गया था कहने को पर,सुनने वाला चला जाए बात अधूरी छोड़कर।जैसे साँपों को पसंद नहीं आया ये भूतल रहने को,और उन्होंने नया ठिकाना बनाया आस्तीनों को …. तब शायद सृष्टि के आदिम काल से ही हो मेरे भीतर एक काफ्का!भयभीत, बेचैन,कंपकपाता हुआ…

मेरे शब्दों को यूँ तो मेरा डर भकोस लेता है कई बार, लेकिन फिर भी लिखती हूँ टूटा- फूटा सा। पर कोई भविष्य नहीं लिखती,न आपबीती।बस वर्तमान जो मुझपर, मेरी देह पर बढ़ई के रन्दे की तरह चल रहा है मन के छालों को छीलती हुई,या गर्म धधकती भट्टी में मेरी स्मृतियों को पकाती हुई,उसे ही लिख रहीं हूं। दुनिया एक दिन इस लिखे को अतीत-वर्तमान-भविष्य कहीं भी रख देगी,वह सत्य ही जान पडेगा किसी का। सत्य ही होगा किसी का…

मेरे भीतर एक काफ्का रहता है…से कुछ अंश।

Comments

Popular posts from this blog

आत्म-समीक्षा के दिन...

 भारतीय दर्शन में या यूं कहें कि विश्व दर्शन में कुछ अवधारणाएं ऐसी हैं जिनपर दो पक्ष है किंतु अंतिम निर्णय अभी तक नहीं हुआ है। यदि ज्ञान का विस्तार करें तो विज्ञान भी इसमें सम्मिलित है। किंतु क्योंकि मैं दर्शन की विद्यार्थी हूं तो दर्शन पर अपनी बात केन्द्रित करती हूं।इन तमाम अवधारणाओं में है - आकाश,समय ,दिशा,कारण-कार्य,कर्मनियम, पुनर्जन्म इत्यादि। विसंगति यह है कि रोजमर्रा के अपने जीवन में मैं नितप्रति इन अवधारणाओं की संकरी गली से गुज़रती हूं। किंतु एक तो ज्ञान का प्रकाश कुछ मद्धम है मुझमें तो रोज़ ही डूबना-उतराना होता है। मैं जब इन प्रश्नों से निजात पाने की सोचकर वर्तमान के अनुसार स्वयं को ढालने का प्रयास करती हूं तो पाती हूं कि इस मल्टीमीडिया सेट जैसे समय में मैं तो बटन टिपने वाली मोबाइल जैसे हूं। दूसरे, शब्दों में कहें तो समयानुकूल नितांत अयोग्य हूं। मैं जो वर्तमान में हूं, यदि वह‌ नहीं होऊं तो मुझे और कुछ भी नहीं आता है।तब मैं पुनः घबरा कर अपने कमरे में पड़े किसी दार्शनिक अवधारणा को उठाती हूं और उसपर चिंतन करने का अभिनय करती हूं। किंतु यह अभिनय मुझे मुंह चिढ़ाता है कि ऐसा अभिनय...

गणतंत्र दिवस और उस लड़की के स्वप्न...

उस लड़की के घर में स्वतंत्रता दिवस,गणतंत्र दिवस जैसे दिन एक उत्सव के रूप में मनाया जाता था।उसके पिताजी का कथन था कि ये दो दिन तो राष्ट्रीय पर्व का दिन है।पिताजी अन्य त्यौहारों पर भले उत्साहित रहें न रहें‌ अथवा मां के कहे अनुसार भोजन तथा अन्य त्यौहार अनुसार सामग्रियां लेकर आतें किंतु स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर वे बिना कहे भोजन सामग्री ले आतें और मां को बनाने को कहते।सुबह-सवेरे ही घर में टेलीविजन खुल जाता और दोनों दिनों के ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम तथा गणतंत्र दिवस पर होने वाली विभिन्न झांकियों का पूरा परिवार मिलकर आनंद लेतें।जाहिर सी बात है कि वैसे माहौल में कौन भला होगा जो सोया रहे। पिताजी बराबर सब भाई-बहनों को सुबह जल्दी उठकर टेलीविजन पर चलने वाले कार्यक्रमों को देखने के लिए कहतें।किंतु वह‌ लड़की उस माहौल में भी सोई रहती।मां डराती कि उठ जाए अन्यथा पिताजी नाराज़ होंगे।किंतु वह लड़की इतना ही कहती कि वह एक दिन वहां उपस्थित होकर इन‌ दो दिनों के कार्यक्रमों को देखेगी और वह भी किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में उसे अवसर मिलेगा और तब तक वह टेलीविजन पर नहीं देखेगी।मां इस बात से खी...

बरेली

 वर्ष 2011 - 12 की बात है;तब संघर्ष के दिन अपने पूरे यौवन पर थें।उन्हीं दिनों में बहन के घर से (बहेड़ी) जो उन दिनों डेरा था मेरा, से कार्यस्थल (बरेली) तक (जिसकी दूरी करीब पैंतीस किमी थी) रोज़ आना-जाना होता था।यात्रा का साधन कभी बस और अधिकतर रेलगाड़ी होती थी बहेड़ी से बरेली तक की रेलगाड़ी की यात्रा में करीब छोटे-छोटे सात-आठ स्टेशन पड़ते थें।किंतु मुझे उनमें बस एक ही नाम स्मृति में रहा,इज्ज़तनगर। स्मरण रहे जाने के दो कारण थें -एक तो नाम में ही जिसके इज्ज़त हो,उसे न याद रखना एक तरह से विश्वासघात ही होता अपने अतीत से और दूसरे इस स्टेशन या कहें छोटे से स्थान का स्थानीय लोगों द्वारा उच्चारण।वे इसे ऐजेडनगर कहकर बुलाते।अब भी बुलाते हैं,नहीं पता।मैं घर आकर अक्सर इस बात की खीझ बहन के सामने उतारती कि अच्छे भले नाम को लोग क्यों बिगाड़ते हैं!खैर, उन दिनों इस स्टेशन की हालत मुझ जैसी ही थी!समय का तंगहाल दौर!कमतरी के दोपहर,विषाद में डूबीं रातें,पीड़ाओं में आकंठ डूबा देह और मन।दोनों के बेतहाशा तपने के दिन थें। मौसम कौन सा रहे,इससे अंतर नहीं था। उन्हीं दिनों,घर से कार्यस्थल जाते समय ट्रेन में जब कभ...