Skip to main content

गर्मियों के दिन...

गर्मियों के दिन वापस लौट आए हैं।कुछ शहरों के हाल तनिक भिन्न हो सकते हैं किंतु एक सामान्य रूप से बात यही है कि गर्मियों के दिन वापस लौट आए हैं।हालांकि ठीक-ठीक इस मौसम को नाम देने का प्रयास करें तो कह सकते हैं कि यह मौसम के संधिकाल का समय है।यह प्रवेश द्वार है गर्मियों का।अब यहां से दिनमान और लंबे होते जायेंगे,दुपहरिया अब तपेंगी,शामें बच्चों की भिन्न तरह की क्रीड़ाओं से और रात्रि चहल-पहल से भरे होंगे।

वह सूरज़ जिसके भाव बढ़े थें,अब उसके भाव एकदम से उतर जायेंगे।अब उसपर मीम बनेंगे,अपशब्दों के बाण चलेंगे उसपर कि अभी कुछ दिनों पहले की बात है जब उसके न दिखने पर उसके दिख जाने की कामना करने वाला लोक,अब चाहेगा कि वह थोड़ा कम तपे।

अगर हम सूर्य को देव मानते हैं तो यह देव ही बताने के लिए सबसे उपयुक्त है कि सब दिन समान नहीं होतें,समय सबका एकसा नहीं होता,देव हो,दानव हो कि मनुज!अब सब कोसेंगे गर्मियों को और जाड़े के दिनों को याद करेंगे।किंतु मैं बिल्कुल नहीं करूंगी।मुझको तो गर्मियों के लंबे दिन,तपते-झुलसते दिन ही भाते हैं।

गर्मियों के लंबे तपते दिनों में एक अजीब सा खालीपन है मानो समस्त सृष्टि खालीपन से आकंठ भर गया हो।जैसे गर्मियों के दिनों की दुपहरिया खालीपन से भरी होती है,जब सड़कें बिल्कुल खाली होती हैं और आप सड़क पर ऐसे चल सकते हो मजे से कि मानो सड़क हमारे पिताजी हमारे लिए बनवा कर गये हों।

उसके तपते-झुलसते लंबे दिनों का खालीपन किसी अवसाद,किसी दुख या वेदना अथवा पीड़ा से जन्मा खालीपन नहीं होता है।यह ठीक वैसा है जैसे कोई गहरी चोट जो कई बरस पीछे की सर्दियों में लगी थी।पिछली सर्दियों में जो बिल्कुल ठीक हो गई थी,किंतु चोट के दर्द का अहसास अब भी हो।

वह अनुभूति ह्यूम के दार्शनिक भाषा में चोट के संस्कार से बना विज्ञान है जिसकी अस्पष्ट और क्षीण प्रतीति होती है अब।इस खालीपन के विज्ञान का स्वसंवेदन,जो मन केवल गर्मियों के दिनों में ग्रहण करने हेतु पात्र बन पाता है।गर्मियों का खालीपन! हम नहीं जानते किस संस्कार की क्षीण अनुभूति होती है किंतु होती तो है अनुभूति।

खैर,ऐसा नहीं है कि यह खालीपन आपको केवल खाली करेगा।गर्मियों के दिनों के कितने तो सुख हैं!अब बाज़ार तरह-तरह के आमों से सजेगा,लीचियां उनसे प्रतिस्पर्धा करेंगी, खरबूजे और तरबूज़ भी रहेंगे इस दौड़ में।रस भरे फलों के दिनों का मौसम है गर्मी।

कुछ दिनों में गुलमोहर अपने रक्तिम लालिमा वाले पुष्प गुच्छों के साथ हमारा स्वागत करेंगे।ज्यों कह रहा हो कि बात प्रेम में मर मिटने की थी तो मैंने गुलमोहर होना चुना।उसके रक्त वर्ण और कुछ नहीं,प्रेम की आभा है।प्रेम का सौंदर्य है।कहीं अमलतास क्षणभंगूरता में आनंद से जीने की सीख देते मिलेंगे।अमलतास!क्षणभंगूरता का सौंदर्य है।

अभी इन सब के आगमन में तनिक देरी है तब तक इन सेमल के फूलों को निहार रही हूं।किसी स्त्री के नीले दुपट्टे पर टंके हुए जैसे यह लाल सेमल या कहिए कि आकाश से गिरता नीला झरना और उसके संग यह सेमल!

प्रकृति को निहारने में एक अलग ही सुख है।

गर्मियों के दिनों में तो और भी।


Comments

Anonymous said…
Head touching,❤️

Popular posts from this blog

गणतंत्र दिवस और उस लड़की के स्वप्न...

उस लड़की के घर में स्वतंत्रता दिवस,गणतंत्र दिवस जैसे दिन एक उत्सव के रूप में मनाया जाता था।उसके पिताजी का कथन था कि ये दो दिन तो राष्ट्रीय पर्व का दिन है।पिताजी अन्य त्यौहारों पर भले उत्साहित रहें न रहें‌ अथवा मां के कहे अनुसार भोजन तथा अन्य त्यौहार अनुसार सामग्रियां लेकर आतें किंतु स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर वे बिना कहे भोजन सामग्री ले आतें और मां को बनाने को कहते।सुबह-सवेरे ही घर में टेलीविजन खुल जाता और दोनों दिनों के ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम तथा गणतंत्र दिवस पर होने वाली विभिन्न झांकियों का पूरा परिवार मिलकर आनंद लेतें।जाहिर सी बात है कि वैसे माहौल में कौन भला होगा जो सोया रहे। पिताजी बराबर सब भाई-बहनों को सुबह जल्दी उठकर टेलीविजन पर चलने वाले कार्यक्रमों को देखने के लिए कहतें।किंतु वह‌ लड़की उस माहौल में भी सोई रहती।मां डराती कि उठ जाए अन्यथा पिताजी नाराज़ होंगे।किंतु वह लड़की इतना ही कहती कि वह एक दिन वहां उपस्थित होकर इन‌ दो दिनों के कार्यक्रमों को देखेगी और वह भी किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में उसे अवसर मिलेगा और तब तक वह टेलीविजन पर नहीं देखेगी।मां इस बात से खी...

उदास दिन...

मैं अक्सर बेहिसाब उदासी से भर जाती हूं।इतनी उदास कि इस उदासी से दुनिया में एक नया महासागर बन‌ सकता है और दुनिया के नक्शे में पांच महासागर की जगह कुल छह समंदर हो जाएं।जब मैं कहती हूं किसी अपने से कि बहुत उदास हूं तो वह मुझे समझाता है कि फलां-फलां कारण से उदास हो और फलां-फलां काम करो,मन लगाओ तो उदासी दूर हो जाएगी। गोया उदास होना बहुत बुरी बात हो।कोई नहीं मिलता जो ये कहे कि ओह!उदास हो!अच्छी बात है,रहो उदास और इस दुनिया की चिंता मत करो।यह उदासी तुम्हारी यानि मेरा किरदार है इस दुनियावी रंगमंच पर। वर्ष भर के किन्ही‌ कमजोर दिनों में मैं अपनी उदासी को साधने में नाकामयाब होती हूं और तब उन दिनों में मैं अपने पसंदीदा गाना नहीं गा पाती‌ हूं।उन गीतों को भी नहीं जो प्रसन्नता के दिनों में बड़े सुर में निकलते हैं।उदासी‌ भरे गीतों के तो बोल तक नहीं फूटते कंठ से जबकि मुझे लगता है मेरी आवाज़ पर वे ही गीत अधिक फबते हैं।इन बेहद गहरे उदास दिनों में कुछ लिखा‌ भी नहीं जाता।शब्द कहीं खो जाते हैं।अर्थ अपनी अभिव्यक्ति में असमर्थ से हो जाते हैं।उथले से वाक्य बनते हैं और बेहद छिछले से वाक्यांश।और कलम!साध लेती है च...

समय से छले गए हमलोग...

बहन-बेटियों के लिए मायके की धूल भी स्वर्ण जैसे प्यारी होती है।फिर मायके में कोई दुखद घटना घट जाए और पता भी न चले तो ह्रदय धक् से दुख के गहनतम तल पर जा धंसता है।या कोई अच्छी बात घटे तो उसे सुनकर प्रसन्न होती हैं किंतु इस प्रसन्नता में एक दबी सी आह छिपी होती है कि वे क्यों न सम्मिलित हो पाईं उस सुख या दुख में।उस दुख को बांटने या कहें कि उससे निकलने के लिए और वर्तमान में आने के लिए बहनें जो अलग-अलग देश में ब्याह दी गई हैं,एक-दूसरे से बातें करती हैं,पुराने दिनों को याद कर कभी रोती,कभी हंसती हैं।लेकिन इन तमाम बातों के बीच भी यह बात उन्हें अधिक सालती है कि फलाने आजी-बाबा,फलाने भैय्या-भौजी (और तमाम इस तरह के रिश्ते) अब नहीं रहें और यह खबर बेटियों तक देर से पहुंची।बेटियां सच में एकदिन इतनी परायी हो जाती हैं कि घरवाले गाॅंव-जवार की खबर देना भी बेटियों को आवश्यक नहीं समझतें। एक समय बाद वह घर जहां जन्म लियें,वह‌ गाॅंव,गाॅंव के लोग जिनके बीच पलकर बड़े हुए,रोते-रोते जिनसे यह कह कर विदा ली कि अब हंसते रहेंगे और अब जब अरसा बीत गया मायके गये तो जाने पर उनमें से कुछ से भेंट होगी,न होगी,कौन जाने! बहरहाल...