Skip to main content

सृष्टि के सम्मान का किस्सा,सभी का है हिस्सा…

 सृष्टि के सम्मान का किस्सा, सभी का है हिस्सा… 


घर को कभी कभी इतने करीने से रख देती हूँ कि छूने से भय लगता है कि मेरे छूने से कमरे और उसके वस्तुओं की तन्मयता न टूट जाए कहीं! उनकी साधना भंग न हो जाए कहीं! आखिरकार जैन दर्शन तो स्वीकार करता भी है कि जड़ में भी चेतना है,भले सुप्त अवस्था में हो। बहुत संवार देने पर मेरा ही कमरा अजनबी लगने लगता है मुझसे।

सुप्त चेतना से याद आया मनुष्यों की चेतना ही भला कौन सी जाग्रत है! तब सोचती हूँ कौन अधिक जड़ है या कहें कि कौन वास्तव में जड़ है? क्योंकि देखा जाए तो भारतीय दर्शन में एक पदार्थवादियों को,यथा- चार्वाक, न्याय-वैशेषिक तथा मीमांसकों को छोड़ दें तो बाकी जड़त्व पर बहुत आग्रहित नहीं हैं। तब यह प्रश्न मेरे सम्मुख सुरसा के जैसे मुंह बाए खड़ी हो जाती है कि जैनो, बौद्धों, अद्वैतियों की परिभाषा में कि आखिर जड़ है कौन? चेतनारहित दिखने वाली वस्तुएँ या मनुष्य! क्योंकि चेतना तो दोनों जगहें सुप्त हैं। 

   जड़ को यह कहकर कि उसमें सुप्त है चेतना, उन्हें वस्तु या विषय बना देना यह तो अन्याय है किसी के अस्तित्व के साथ! क्योंकि सोई हुई चेतना तो मनुष्य में भी है। पुनः यदि जड़ इसलिए जड़ है क्योंकि उनमें चेतना अभी उत्तरोत्तर विकास नहीं कर रही है, यद्यपि संभावना है।

तो कुल मिलाकर बात यह है कि जब तक जड़ दिखने वाली वस्तुओं की चेतना जग न जाए तब तक उन्हें जड़, विषय, वस्तु ही माना जाए। क्योंकि प्रत्ययवादियों की संकल्पना में सब चेतन ही है अंततः, भले सुप्त हों, विवर्त हों। तब तो न्याय यही है कि जब तक कि मनुष्यों की चेतना न जाग्रत हो जाए तब तक उसे भी जड़, विषय या वस्तु ही कहा जाए! क्या बुरा है! न्यायोचित तो यही है। आखिर यदि मानवीय अस्तित्व की गरिमा है तो हर उस वस्तु की गरिमा है जो सृष्टि का हिस्सा है। 

फिर तथाकथित जड़ तो इतने मासूम और छलरहित हैं कि गिरगिट की तरह समय बदलने पर कभी स्व को न तो वस्तु बना लेते हैं और न ही खुद के अस्तित्व पर बात आए तो प्रचंड रूप धारण कर लेते हैं। वे तो जैसे हैं, वैसे पड़े रहते हैं। किसी अबोध नवजात शिशु के जैसे। 

तो मेरी समझ से यह कहना कि वास्तविक रूप में जड़ कौन है, या दार्शनिक शब्दों में कहें तो यह निश्चित ही नहीं है कि सत्ता या अस्तित्व जड़ की है या चेतन की! तब वास्तविक जड़ का प्रश्न बेमानी है। तो प्रश्न बचता है कि कौन अधिक जड़ अवस्था में है? 

उत्तर देने योग्य मेरी बुद्धि या अनुभव परिष्कृत तो नहीं हुई अभी। तो क्या तब तक के लिए मनुष्य को भी चेतन न मानकर जड़ ही माना जाए! वस्तु या विषय की संज्ञा दी जाए! क्योंकि इतना तो अनुभव मेरा कहता है कि सोई हुई चेतना मनुष्यों में भी है, मात्र जड़ दिखने वाली वस्तुओं में ही नहीं सोई है चेतना… 

कारण कि गरिमा सबकी है, सब उसके हकदार हैं, सबका हिस्सा है सम्मान में, जो भी इस सृष्टि में है क्योंकि मनुष्यों- वस्तुओं, चेतन-जड़ से अलग सृष्टि आखिर है भी क्या सिवाय गहन अंधकार के! हम सम्मान और प्रेम में बराबर के हिस्सेदार न बना सकें किसी को तो यह संसार बचा भी क्या रहेगा सिवाय गहन अधंकार के!


छवि: उड़ीसा के गोपालपुर में प्रवाह में रत झील की

Comments

Aditya saurav said…
बहुत खूबसूरत दीदी
Anuradha said…
Thank you भाई

Popular posts from this blog

गणतंत्र दिवस और उस लड़की के स्वप्न...

उस लड़की के घर में स्वतंत्रता दिवस,गणतंत्र दिवस जैसे दिन एक उत्सव के रूप में मनाया जाता था।उसके पिताजी का कथन था कि ये दो दिन तो राष्ट्रीय पर्व का दिन है।पिताजी अन्य त्यौहारों पर भले उत्साहित रहें न रहें‌ अथवा मां के कहे अनुसार भोजन तथा अन्य त्यौहार अनुसार सामग्रियां लेकर आतें किंतु स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर वे बिना कहे भोजन सामग्री ले आतें और मां को बनाने को कहते।सुबह-सवेरे ही घर में टेलीविजन खुल जाता और दोनों दिनों के ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम तथा गणतंत्र दिवस पर होने वाली विभिन्न झांकियों का पूरा परिवार मिलकर आनंद लेतें।जाहिर सी बात है कि वैसे माहौल में कौन भला होगा जो सोया रहे। पिताजी बराबर सब भाई-बहनों को सुबह जल्दी उठकर टेलीविजन पर चलने वाले कार्यक्रमों को देखने के लिए कहतें।किंतु वह‌ लड़की उस माहौल में भी सोई रहती।मां डराती कि उठ जाए अन्यथा पिताजी नाराज़ होंगे।किंतु वह लड़की इतना ही कहती कि वह एक दिन वहां उपस्थित होकर इन‌ दो दिनों के कार्यक्रमों को देखेगी और वह भी किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में उसे अवसर मिलेगा और तब तक वह टेलीविजन पर नहीं देखेगी।मां इस बात से खी...

19/06/2025

मां जब बीमार पड़ी और ऐसी पड़ी कि फिर पहले जैसी न हुईं,उन्हीं दिनों की बात है जब देह में एक अनजाने रोग ने दस्तक दी।दस्तक ही इतनी जोरदार थी कि लगा आगे क्या होगा।इन भय से भरे दिन में जब मां से मिलने गई किंतु बता न सकी कि मैं कितने दर्द में हूं,तभी कि बात है। बीमारी से पहले मां को न रोग बताने पड़ते थें न पीड़ाओं की गहराई,चाहे वह देह पर लगी हो या मन पर।न जाने कौन सी पढ़ाई उसने कहां से की थी कि कुछ कहना नहीं पड़ता था गो वह जानती थी कि मुझे शायद कहने नहीं आता या कहूंगी नहीं। तब दर्द से रातभर जगने के कारण अगली सुबह जब शरीर के कुछ कदम चलने में भी सहयोग देने से मना करने पर मां के बगल में लेटी।तब स्वयं पर जीवन में पहली बार दया आई।मन इस वेदना से मनो भारी हो गया कि अब दर्द को बिना कहे कोई समझने वाला नहीं है।अब बीमार पड़ने पर कोई दौड़-दौड़कर दवा लाने वाला नहीं है। वह पहली बार था जब बीमार पड़ने पर स्वयं पर रोना आया।अब भी बीमार पड़ती हूं,बीमारी में रोना आता है किंतु अब खुद पर उस दिन जैसी दया नहीं आती।अब कहने का सहूर भी आ गया है।यह न कहना भी कृतघ्नता होगी कि जीवन के सामाजिक दायरे ने ऐसा खुशनुमा विस्तार...

उदास दिन...

मैं अक्सर बेहिसाब उदासी से भर जाती हूं।इतनी उदास कि इस उदासी से दुनिया में एक नया महासागर बन‌ सकता है और दुनिया के नक्शे में पांच महासागर की जगह कुल छह समंदर हो जाएं।जब मैं कहती हूं किसी अपने से कि बहुत उदास हूं तो वह मुझे समझाता है कि फलां-फलां कारण से उदास हो और फलां-फलां काम करो,मन लगाओ तो उदासी दूर हो जाएगी। गोया उदास होना बहुत बुरी बात हो।कोई नहीं मिलता जो ये कहे कि ओह!उदास हो!अच्छी बात है,रहो उदास और इस दुनिया की चिंता मत करो।यह उदासी तुम्हारी यानि मेरा किरदार है इस दुनियावी रंगमंच पर। वर्ष भर के किन्ही‌ कमजोर दिनों में मैं अपनी उदासी को साधने में नाकामयाब होती हूं और तब उन दिनों में मैं अपने पसंदीदा गाना नहीं गा पाती‌ हूं।उन गीतों को भी नहीं जो प्रसन्नता के दिनों में बड़े सुर में निकलते हैं।उदासी‌ भरे गीतों के तो बोल तक नहीं फूटते कंठ से जबकि मुझे लगता है मेरी आवाज़ पर वे ही गीत अधिक फबते हैं।इन बेहद गहरे उदास दिनों में कुछ लिखा‌ भी नहीं जाता।शब्द कहीं खो जाते हैं।अर्थ अपनी अभिव्यक्ति में असमर्थ से हो जाते हैं।उथले से वाक्य बनते हैं और बेहद छिछले से वाक्यांश।और कलम!साध लेती है च...