Skip to main content

अजनबीपन...

जब कभी निकलती हूं कमरे से(वैसे अब यह निकलना भी बहुत कम ही होता है)सब्जी लेने या कोई घर का सामान;रास्ते में पडने वाले घरों की छतों पर,बरामदे में खड़े पुरूषों,उनके बराबर खड़ी महिलाओं,बरामदे में फोन पर बतियाती लड़कियों और गली क्रिकेट खेलते लड़कों-बच्चों को देखती हूं तो लगता है जैसे वो किसी और दुनिया के लोग हैं,मैं किसी और दुनिया की।सबकुछ अनजाना,अनचिन्हा लगता है।इतना अनचिन्हा कि लगता है न वो मुझे पहचानते हैं न मैं उनको।वो अलग बात है कि हमदोनो एकदूसरे को पहचानने का पूरा प्रयास करते हैं।किन्तु यह प्रयास मेरे संकोची प्रवृत्ति के कारण प्रायः असफल ही रहता है।मैं इस बात से भय खाती हूं कि गलत समझा जाना मेरी नियति है।बस मैं इस गलत समझ जाने और होने से परे होकर मर सकूं,इसी प्रयास में सब प्रयास विफल रह जाते हैं।यूं तो मैं उन लोगों के प्रति आभारी हूं जिनसे मैने एक शब्द भी कभी बात नही की,फिर भी वो जाने क्या समझकर मेरी प्रशंसा कर देते हैं।निःसंदेह यह सामने वाले मन की उदारता का परिचायक है।

                    कमरे से निकल गलियों,सड़कों से होते हुए बाजार तक जाने पर ऐसा लगता है जैसे मैं इस पूरी दुनिया को,इस शहर को कहीं बाहर से,कहीं एक ऐसी जगह से देख रहीं हूं जिस दुनिया की खबर इस दुनिया को नहीं है।फिर भला ये लोग मुझे कैसे जान सकेंगे!मुझे स्वयं को पहचानने का प्रयास करना पड जाता है,कभी ऐसा भी हो जाता है।मुझे याद दिलाना पडता है कि मैं कौन हूं,कहां और क्यों हूं।संभवतः यह पढते हुए किसी को लगे कि ऐसा कैसे हो सकता है!यह गल्प मात्र है।किन्तु मैं उस स्थिति को ठीक-ठीक शब्दो में नही लिख सकती कि ऐसा भी होता है कभी कि मैं स्वयं के लिए अजनबी बन जाती हूं और बहुत जतन से मुझे खुद को पहचानना होता है।यह तो गल्प नही;किन्तु मुझे ही यह गल्प कभी-कभी लगता है कि मैं स्वयं को स्वयं की पहचान बताने में असमर्थ हो जाती हूं और अपनी इस मूर्खता भरी असफलता पर मुस्कुरा कर कमरे पर लौटकर किसी काज में स्वयं को व्यस्त कर लेती हूं,जैसे-एक कप चाय बनाकर घूंट लगाते चाय संग अपने अजनबीपन को भी पीते जाना या कभी खरीद कर साथ लाए गए पान को मुंह में घुलाते रहना,जब तक कि सबकुछ सामान्य न लगने लगे।

ऐसा नहीं है कि ऐसी मनःस्थिति घर से निकलने पर ही हो!अपने कमरे पर ही एक कमरे से दूसरे कमरे पर जाने पर लगता है जैसे मैं अपने कमरे,कमरे में रखी प्रत्येक वस्तुओं के लिए भी अजनबी हूं।यहां तक कि जब कई दिन हो जाते हैं कोई पुस्तक उठाए तो उन्हें छूने पर भी अजनबीपन सा अहसास होता है।वो भी मानो एक अनजान स्पर्श से चिहुंक जाते हैं।


नोट: यह भाव जाने कितने दिनों से मन में पक रहे थे।समझ न आता था क्या समझूं इस स्थिति को और किस विधि व्यक्त करूँ!निर्मल वर्मा की 'एक चिथडा सुख' के आरंभिक दो अध्याय ने ही बडी सहायता की कि इस अजनबियत को शब्दरूप में अपने सामने रख सकूं।यह सुंदरता है भावो के रंगो से चित्रकारी करने वाले चितेरे लेखक की।

चित्र मार्ग से गुज़रते एक उजड़े घर की,जो सुंदर होने की संभावना से भरा पड़ा है।



Comments

Popular posts from this blog

गणतंत्र दिवस और उस लड़की के स्वप्न...

उस लड़की के घर में स्वतंत्रता दिवस,गणतंत्र दिवस जैसे दिन एक उत्सव के रूप में मनाया जाता था।उसके पिताजी का कथन था कि ये दो दिन तो राष्ट्रीय पर्व का दिन है।पिताजी अन्य त्यौहारों पर भले उत्साहित रहें न रहें‌ अथवा मां के कहे अनुसार भोजन तथा अन्य त्यौहार अनुसार सामग्रियां लेकर आतें किंतु स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर वे बिना कहे भोजन सामग्री ले आतें और मां को बनाने को कहते।सुबह-सवेरे ही घर में टेलीविजन खुल जाता और दोनों दिनों के ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम तथा गणतंत्र दिवस पर होने वाली विभिन्न झांकियों का पूरा परिवार मिलकर आनंद लेतें।जाहिर सी बात है कि वैसे माहौल में कौन भला होगा जो सोया रहे। पिताजी बराबर सब भाई-बहनों को सुबह जल्दी उठकर टेलीविजन पर चलने वाले कार्यक्रमों को देखने के लिए कहतें।किंतु वह‌ लड़की उस माहौल में भी सोई रहती।मां डराती कि उठ जाए अन्यथा पिताजी नाराज़ होंगे।किंतु वह लड़की इतना ही कहती कि वह एक दिन वहां उपस्थित होकर इन‌ दो दिनों के कार्यक्रमों को देखेगी और वह भी किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में उसे अवसर मिलेगा और तब तक वह टेलीविजन पर नहीं देखेगी।मां इस बात से खी...

उदास दिन...

मैं अक्सर बेहिसाब उदासी से भर जाती हूं।इतनी उदास कि इस उदासी से दुनिया में एक नया महासागर बन‌ सकता है और दुनिया के नक्शे में पांच महासागर की जगह कुल छह समंदर हो जाएं।जब मैं कहती हूं किसी अपने से कि बहुत उदास हूं तो वह मुझे समझाता है कि फलां-फलां कारण से उदास हो और फलां-फलां काम करो,मन लगाओ तो उदासी दूर हो जाएगी। गोया उदास होना बहुत बुरी बात हो।कोई नहीं मिलता जो ये कहे कि ओह!उदास हो!अच्छी बात है,रहो उदास और इस दुनिया की चिंता मत करो।यह उदासी तुम्हारी यानि मेरा किरदार है इस दुनियावी रंगमंच पर। वर्ष भर के किन्ही‌ कमजोर दिनों में मैं अपनी उदासी को साधने में नाकामयाब होती हूं और तब उन दिनों में मैं अपने पसंदीदा गाना नहीं गा पाती‌ हूं।उन गीतों को भी नहीं जो प्रसन्नता के दिनों में बड़े सुर में निकलते हैं।उदासी‌ भरे गीतों के तो बोल तक नहीं फूटते कंठ से जबकि मुझे लगता है मेरी आवाज़ पर वे ही गीत अधिक फबते हैं।इन बेहद गहरे उदास दिनों में कुछ लिखा‌ भी नहीं जाता।शब्द कहीं खो जाते हैं।अर्थ अपनी अभिव्यक्ति में असमर्थ से हो जाते हैं।उथले से वाक्य बनते हैं और बेहद छिछले से वाक्यांश।और कलम!साध लेती है च...

समय से छले गए हमलोग...

बहन-बेटियों के लिए मायके की धूल भी स्वर्ण जैसे प्यारी होती है।फिर मायके में कोई दुखद घटना घट जाए और पता भी न चले तो ह्रदय धक् से दुख के गहनतम तल पर जा धंसता है।या कोई अच्छी बात घटे तो उसे सुनकर प्रसन्न होती हैं किंतु इस प्रसन्नता में एक दबी सी आह छिपी होती है कि वे क्यों न सम्मिलित हो पाईं उस सुख या दुख में।उस दुख को बांटने या कहें कि उससे निकलने के लिए और वर्तमान में आने के लिए बहनें जो अलग-अलग देश में ब्याह दी गई हैं,एक-दूसरे से बातें करती हैं,पुराने दिनों को याद कर कभी रोती,कभी हंसती हैं।लेकिन इन तमाम बातों के बीच भी यह बात उन्हें अधिक सालती है कि फलाने आजी-बाबा,फलाने भैय्या-भौजी (और तमाम इस तरह के रिश्ते) अब नहीं रहें और यह खबर बेटियों तक देर से पहुंची।बेटियां सच में एकदिन इतनी परायी हो जाती हैं कि घरवाले गाॅंव-जवार की खबर देना भी बेटियों को आवश्यक नहीं समझतें। एक समय बाद वह घर जहां जन्म लियें,वह‌ गाॅंव,गाॅंव के लोग जिनके बीच पलकर बड़े हुए,रोते-रोते जिनसे यह कह कर विदा ली कि अब हंसते रहेंगे और अब जब अरसा बीत गया मायके गये तो जाने पर उनमें से कुछ से भेंट होगी,न होगी,कौन जाने! बहरहाल...