Skip to main content

बेहया का पेड़,दादा और मैं….


संभवतः 6-7 वर्ष की उम्र से 15-16 वर्ष तक की अवस्था की बात होगी जब गांव मे पक्की सड़क न होने से लगभग 3-4 किलोमीटर पैदल चलना होता था,तब जाकर कोई साधन मिलता था शहर के लिए।कच्चे-पक्के सड़कों से,अपने गांव के अलावा एक और ही गांव से गुजरते हुए,आम के बगीचों को ललचाई निगाहों से देखते हुए,बचपन के अपने सबसे भरोसेमंद साथी (दादाजी)के साथ गांव से शहर लौटना जितना आनंद से भरा होता था,उससे कम ये कौतूहल की बात नहीं होती थी कि हर बार गांव से  शहर,शहर से गांव 
आते-जाते वक्त एक जगह ठिठककर एक ही सवाल बार बार पूछना कि इस पेड़ का नाम क्या है और अनेकों बार जवाब दिये जा चुकने के बाद भी क्रोध की एक महीन रेखा लाये बिना उसी संयत भाव से जवाब देना जैसे पिछली बार दिया था गोया उन्हें पता हो कि जवाब न देकर भी भला वे कौन सा भविष्य मे घटने वाली घटना को रोक सकते हैं!प्रश्न-ये किस चीज का पौधा है?उत्तर-बेहया का।यह सवाल जवाब बिल्कुल एक शब्द भी इधर-उधर हुऐ उसी लय ताल से हर बार रास्ते में होने वाली तमाम बातों के अलावा केन्द्र में रहता था।और उसके बाद बातचीत का समग्र बिंदु उसी पौधे पर आकर टिक जाता था जब तक कि घर न आ जाये।प्रश्न पूछने वाले और जवाब देने वाले के अलावा अगर कोई और भाई-बहन राह में हमराह होता तो वह भले खीझकर कहता था कि हर बार वही सवाल!मानो एक ही प्रश्न पूछने का गुनाह इस बात का सबूत था कि मैं एक मंद बुद्धि विद्यार्थी न होऊं और पढ़ें लिखे घर के सदस्यों मे मैं उनकी साख पर बट्टा न लगाऊं।खैर प्रश्नोत्तर के बाद वही संवाद कि इसे बार बार काटा जाता है लेकिन बिना खाद-पानी के यह बार बार उग आता है।सिरे से लगाओ कि जड़ से,यह उग ही आता है अपनी पूरी हरितिमा लिए।जड़ से उखाड़ दिये जाने पर भी उग आता है।और हर बार सुने होने पर भी मैं पुनः इस आश्चर्य मे पड़ जाती थी कि ऐसा कैसे संभव है!और उम्र के उस मोड़ पर पहुंचने पर जब खुद के द्वारा किये गए इस बचपने पर गुस्सा आता था कि मैं भी कितनी मुर्ख थी!उस व्यक्ति के पास जिसे जीवन का अथाह अनुभव था, जो ज्योतिष का प्रकांड विद्वान था, जिसकी विद्वता को महामहिम ज्ञानी जैल सिंह के हाथों प्रमाण पत्र मिला था,बजाय कुछ और पूछने के मैं भी क्या पूछती थी।पर उससे दुगुना क्रोध मुझे उनपर आता था कि क्यों नहीं कभी मुझे डांट कर ये प्रश्न बार बार पूछे जाने से मना किया।पर कहते  हैं न  कि  किसी व्यक्ति के किये का मोल कई बार हम जीते जी उसके नहीं समझ पाते।उन्हें भलीभांति ज्ञात था कि वे भविष्य नहीं बदल सकते पर भविष्य का सामना करने के लिए तैयार तो कर सकते हैं।मां कहती थी कि उन्हें भविष्य का बखूबी ज्ञान था और इस बात को लेकर वह उनसे नाराज भी रही बाद मे जीवनभर कि एक बड़ी दुर्घटना को रोकने की कोशिश उन्होंने नहीं की।अब ज्ञान और तर्क से दुनियाभर को समझाया जा सकता है पर मां और प्रियतम के ह्रदय को नहीं कि व्यक्ति सर्वज्ञानी हो भी जाय तो वह सर्वशक्तिमान नहीं हो सकता।प्रकृति अपने रहस्यों,क्रियाकलापों में एक सीमा के बाद किसी को प्रवेश और हस्तक्षेप करने की अनुमति नहीं देती।
खैर..फिर लौटते हैं उस बेहया के पौधे की ओर।अरसे बाद जब गांव जाना हुआ उनके बिना,तब मैं बहुत उत्साहित थी,लौटकर उन्हें बताने को कि देखिए,आप कहते थें कि ये बेहया के पेड़ खुद ही उग आते हैं बार बार काटे जाने के बाद भी,अब वे वहां नहीं हैं,नहीं उगते अब वे वहां।पर यह मौका क्रूर काल के हाथों ने मुझे नहीं दिया।कहते हैं कि इंसान जिस चीज को लगातार देखता है, सोचता है गहरे भाव से, वह उस जैसा ही हो जाता है बहुधा।मैं जब भी उस पौधे को देखती, तब तक देखती रहती थी जब तक वह आंखो से ओझल न हो जाये ।काश!मैं बता सकती उन्हें कि दरअसल वो बेहया का पेड़ अपनी पूरी चेतना के साथ मुझमें तब्दील हो गया था कि उसके फूल मेरी हथेलियों पर, उसका हरापन मेरे दिल में और उसकी जड़ें मेरे पीठ पर उग आईं हैं कि धोखे और बेवफाई की  कितनी भी आरियां चले उस पर, फिर फिर उग आते हैं बेहया के पेड़ मेरी पीठ पर।अब जब कि मैं नहीं रोक सकती उसे उगने से,न रोक सकती हूं उसे कटने से, तो यही सोचती हूँ कि एक हाथ में प्रेम और दूजे में  विश्वास के फूल लिए मेरी पीठ भले कितना छिल जाय, उसमें धरती सा धैर्य आ जाय कि भले सबकुछ मानवीय संवेदना के स्तर पर तहस नहस हो जाय,सृजन की कहीं कोई संभावना न हो तब भी बेहया के ये दो फूल मेरे हाथों में सुरक्षित रहे।पर वहीं माथे पर एक घाव भी बन गया है उपेक्षा का,जो भरा पड़ा है पस और मवाद मे तब्दील हो चुके दुनियावी रिश्तों से,कि जिससे हर वक्त रिसता रहता है दर्द बजाय चमकने के माथे के उस हिस्से के ,मानो बेहया का पेड़ खुद को जीभर कर देखे जाने के बदले एक श्राप उपहार स्वरूप दिया हो कि माथे पर लिए उपेक्षित होने का दंश मैं भटकती रहूं न जाने कब तक कि पता नहीं,पीठ के लगे घाव भरते हैं या नहीं।

आत्मा पर बन गए जख्म सूखते हैं या नहीं!! 

Comments

Popular posts from this blog

गणतंत्र दिवस और उस लड़की के स्वप्न...

उस लड़की के घर में स्वतंत्रता दिवस,गणतंत्र दिवस जैसे दिन एक उत्सव के रूप में मनाया जाता था।उसके पिताजी का कथन था कि ये दो दिन तो राष्ट्रीय पर्व का दिन है।पिताजी अन्य त्यौहारों पर भले उत्साहित रहें न रहें‌ अथवा मां के कहे अनुसार भोजन तथा अन्य त्यौहार अनुसार सामग्रियां लेकर आतें किंतु स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर वे बिना कहे भोजन सामग्री ले आतें और मां को बनाने को कहते।सुबह-सवेरे ही घर में टेलीविजन खुल जाता और दोनों दिनों के ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम तथा गणतंत्र दिवस पर होने वाली विभिन्न झांकियों का पूरा परिवार मिलकर आनंद लेतें।जाहिर सी बात है कि वैसे माहौल में कौन भला होगा जो सोया रहे। पिताजी बराबर सब भाई-बहनों को सुबह जल्दी उठकर टेलीविजन पर चलने वाले कार्यक्रमों को देखने के लिए कहतें।किंतु वह‌ लड़की उस माहौल में भी सोई रहती।मां डराती कि उठ जाए अन्यथा पिताजी नाराज़ होंगे।किंतु वह लड़की इतना ही कहती कि वह एक दिन वहां उपस्थित होकर इन‌ दो दिनों के कार्यक्रमों को देखेगी और वह भी किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में उसे अवसर मिलेगा और तब तक वह टेलीविजन पर नहीं देखेगी।मां इस बात से खी...

19/06/2025

मां जब बीमार पड़ी और ऐसी पड़ी कि फिर पहले जैसी न हुईं,उन्हीं दिनों की बात है जब देह में एक अनजाने रोग ने दस्तक दी।दस्तक ही इतनी जोरदार थी कि लगा आगे क्या होगा।इन भय से भरे दिन में जब मां से मिलने गई किंतु बता न सकी कि मैं कितने दर्द में हूं,तभी कि बात है। बीमारी से पहले मां को न रोग बताने पड़ते थें न पीड़ाओं की गहराई,चाहे वह देह पर लगी हो या मन पर।न जाने कौन सी पढ़ाई उसने कहां से की थी कि कुछ कहना नहीं पड़ता था गो वह जानती थी कि मुझे शायद कहने नहीं आता या कहूंगी नहीं। तब दर्द से रातभर जगने के कारण अगली सुबह जब शरीर के कुछ कदम चलने में भी सहयोग देने से मना करने पर मां के बगल में लेटी।तब स्वयं पर जीवन में पहली बार दया आई।मन इस वेदना से मनो भारी हो गया कि अब दर्द को बिना कहे कोई समझने वाला नहीं है।अब बीमार पड़ने पर कोई दौड़-दौड़कर दवा लाने वाला नहीं है। वह पहली बार था जब बीमार पड़ने पर स्वयं पर रोना आया।अब भी बीमार पड़ती हूं,बीमारी में रोना आता है किंतु अब खुद पर उस दिन जैसी दया नहीं आती।अब कहने का सहूर भी आ गया है।यह न कहना भी कृतघ्नता होगी कि जीवन के सामाजिक दायरे ने ऐसा खुशनुमा विस्तार...

उदास दिन...

मैं अक्सर बेहिसाब उदासी से भर जाती हूं।इतनी उदास कि इस उदासी से दुनिया में एक नया महासागर बन‌ सकता है और दुनिया के नक्शे में पांच महासागर की जगह कुल छह समंदर हो जाएं।जब मैं कहती हूं किसी अपने से कि बहुत उदास हूं तो वह मुझे समझाता है कि फलां-फलां कारण से उदास हो और फलां-फलां काम करो,मन लगाओ तो उदासी दूर हो जाएगी। गोया उदास होना बहुत बुरी बात हो।कोई नहीं मिलता जो ये कहे कि ओह!उदास हो!अच्छी बात है,रहो उदास और इस दुनिया की चिंता मत करो।यह उदासी तुम्हारी यानि मेरा किरदार है इस दुनियावी रंगमंच पर। वर्ष भर के किन्ही‌ कमजोर दिनों में मैं अपनी उदासी को साधने में नाकामयाब होती हूं और तब उन दिनों में मैं अपने पसंदीदा गाना नहीं गा पाती‌ हूं।उन गीतों को भी नहीं जो प्रसन्नता के दिनों में बड़े सुर में निकलते हैं।उदासी‌ भरे गीतों के तो बोल तक नहीं फूटते कंठ से जबकि मुझे लगता है मेरी आवाज़ पर वे ही गीत अधिक फबते हैं।इन बेहद गहरे उदास दिनों में कुछ लिखा‌ भी नहीं जाता।शब्द कहीं खो जाते हैं।अर्थ अपनी अभिव्यक्ति में असमर्थ से हो जाते हैं।उथले से वाक्य बनते हैं और बेहद छिछले से वाक्यांश।और कलम!साध लेती है च...