Skip to main content

माए नी माए मैं एक शिकरा यार बनाया

 ऐसे कौन लिखता है और ऐसे कौन गाता है!!

एक ईश्वरीय आत्मा ने यह गीत लिखा,एक ईश्वरीय आत्मा ने गाया,उस अकेले ईश्वर के लिए जो नियति रूपी शिकारी का खुद ही शिकार हो गया।वह ईश्वर अब अगर सृष्टि समेटे तो भी आराम नहीं,चैन नहीं;कि अब समेटने में अकेलेपन के गहन अंधकार,जो पहले भी था, के साथ विषाद का जहर भी घुल गया है।अतः सबकुछ समेटे भी तो कैसे?

सोचती हूँ खुद की बनाई दुनिया में उसके पास तो माँ भी नहीं है जिसको यह गीत सुनाकर वह अपना दुःख बांटें!कभी लगता है मैं और ईश्वर अपने नियति के छलनाओं से छले गए,अपनी अपनी दुनिया में नितांत अकेले हैं कि सबकुछ समेटा भी नहीं जाता और यह छले जाने का दर्द सहा भी नहीं जाता!
दर्शन जगत ने दुःख की व्याख्या में कुछ अनदेखा कर दिया शायद जानबूझकर!कि सभी दुःख अनादि हैं पर सांत भी कि सब दुखों का अंत है।

पर ऐसा लगता है कि कुछ दुःख आदि होतें हैं और अनंत,कभी जिनका अंत नहीं होता प्रध्वंसाभाव की तरह!!

मैंने तो अपनी पीड़ा को अपना ईश्वर मान लिया है,तुम क्या करोगे?
मै सोचती हूँ अगर शिव साहब, आप कुछ और लिख जाते तो दुनिया देख पाती कि कितने मासूम होते हैं छले गए लोग,और छले जाने के बाद यह मासूमियत और बढ़ जाती है।इस मासूमियत ने ही ईश्वर को मौन किया है, अन्यथा भला कौन सामर्थ्यवान है जो उसे मौन कर सके !
चूरी कुट्टां तां ओ खांदा नाही
ओन्हुं दिल दा मांस खवाया
इक उडारी ऐसी मारी
ओ मुड़ वतनी ना आया

नियति वही पक्षी है जो हृदय का मांस खाकर ही तृप्त होती है,दुनिया के सारे प्रेमी जो अपने प्रेम को छोड़कर चले गए,दुनिया के सारे दोस्त जिन्होंने हृदय का मांस खाया,वे सभी नियति के ही अनेक रूप थे शिव साहब,यह भी लिखना था न!


Comments

Anonymous said…
💐💐💐💐💐

Popular posts from this blog

गणतंत्र दिवस और उस लड़की के स्वप्न...

उस लड़की के घर में स्वतंत्रता दिवस,गणतंत्र दिवस जैसे दिन एक उत्सव के रूप में मनाया जाता था।उसके पिताजी का कथन था कि ये दो दिन तो राष्ट्रीय पर्व का दिन है।पिताजी अन्य त्यौहारों पर भले उत्साहित रहें न रहें‌ अथवा मां के कहे अनुसार भोजन तथा अन्य त्यौहार अनुसार सामग्रियां लेकर आतें किंतु स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर वे बिना कहे भोजन सामग्री ले आतें और मां को बनाने को कहते।सुबह-सवेरे ही घर में टेलीविजन खुल जाता और दोनों दिनों के ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम तथा गणतंत्र दिवस पर होने वाली विभिन्न झांकियों का पूरा परिवार मिलकर आनंद लेतें।जाहिर सी बात है कि वैसे माहौल में कौन भला होगा जो सोया रहे। पिताजी बराबर सब भाई-बहनों को सुबह जल्दी उठकर टेलीविजन पर चलने वाले कार्यक्रमों को देखने के लिए कहतें।किंतु वह‌ लड़की उस माहौल में भी सोई रहती।मां डराती कि उठ जाए अन्यथा पिताजी नाराज़ होंगे।किंतु वह लड़की इतना ही कहती कि वह एक दिन वहां उपस्थित होकर इन‌ दो दिनों के कार्यक्रमों को देखेगी और वह भी किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में उसे अवसर मिलेगा और तब तक वह टेलीविजन पर नहीं देखेगी।मां इस बात से खी...

उदास दिन...

मैं अक्सर बेहिसाब उदासी से भर जाती हूं।इतनी उदास कि इस उदासी से दुनिया में एक नया महासागर बन‌ सकता है और दुनिया के नक्शे में पांच महासागर की जगह कुल छह समंदर हो जाएं।जब मैं कहती हूं किसी अपने से कि बहुत उदास हूं तो वह मुझे समझाता है कि फलां-फलां कारण से उदास हो और फलां-फलां काम करो,मन लगाओ तो उदासी दूर हो जाएगी। गोया उदास होना बहुत बुरी बात हो।कोई नहीं मिलता जो ये कहे कि ओह!उदास हो!अच्छी बात है,रहो उदास और इस दुनिया की चिंता मत करो।यह उदासी तुम्हारी यानि मेरा किरदार है इस दुनियावी रंगमंच पर। वर्ष भर के किन्ही‌ कमजोर दिनों में मैं अपनी उदासी को साधने में नाकामयाब होती हूं और तब उन दिनों में मैं अपने पसंदीदा गाना नहीं गा पाती‌ हूं।उन गीतों को भी नहीं जो प्रसन्नता के दिनों में बड़े सुर में निकलते हैं।उदासी‌ भरे गीतों के तो बोल तक नहीं फूटते कंठ से जबकि मुझे लगता है मेरी आवाज़ पर वे ही गीत अधिक फबते हैं।इन बेहद गहरे उदास दिनों में कुछ लिखा‌ भी नहीं जाता।शब्द कहीं खो जाते हैं।अर्थ अपनी अभिव्यक्ति में असमर्थ से हो जाते हैं।उथले से वाक्य बनते हैं और बेहद छिछले से वाक्यांश।और कलम!साध लेती है च...

समय से छले गए हमलोग...

बहन-बेटियों के लिए मायके की धूल भी स्वर्ण जैसे प्यारी होती है।फिर मायके में कोई दुखद घटना घट जाए और पता भी न चले तो ह्रदय धक् से दुख के गहनतम तल पर जा धंसता है।या कोई अच्छी बात घटे तो उसे सुनकर प्रसन्न होती हैं किंतु इस प्रसन्नता में एक दबी सी आह छिपी होती है कि वे क्यों न सम्मिलित हो पाईं उस सुख या दुख में।उस दुख को बांटने या कहें कि उससे निकलने के लिए और वर्तमान में आने के लिए बहनें जो अलग-अलग देश में ब्याह दी गई हैं,एक-दूसरे से बातें करती हैं,पुराने दिनों को याद कर कभी रोती,कभी हंसती हैं।लेकिन इन तमाम बातों के बीच भी यह बात उन्हें अधिक सालती है कि फलाने आजी-बाबा,फलाने भैय्या-भौजी (और तमाम इस तरह के रिश्ते) अब नहीं रहें और यह खबर बेटियों तक देर से पहुंची।बेटियां सच में एकदिन इतनी परायी हो जाती हैं कि घरवाले गाॅंव-जवार की खबर देना भी बेटियों को आवश्यक नहीं समझतें। एक समय बाद वह घर जहां जन्म लियें,वह‌ गाॅंव,गाॅंव के लोग जिनके बीच पलकर बड़े हुए,रोते-रोते जिनसे यह कह कर विदा ली कि अब हंसते रहेंगे और अब जब अरसा बीत गया मायके गये तो जाने पर उनमें से कुछ से भेंट होगी,न होगी,कौन जाने! बहरहाल...