Skip to main content

दीदी...

 दीदी...

क्या कहूं!कि जीवन एक बेहद बेहूदी किस्म की शै है,

जिसके पास रोग है,महामारी है,बुढापा है, दुर्घटनाएं हैं,मृत्यु है।

इसी जीवन में बिछड जाते हैं हम उससे,जिससे हम नींद में भी बिछड़ना नहीं चाहते,

और यह दुख,दुःखों की सूची में सबसे बड़ा हो जाता है,फिर भी जीना पडता है।


इन दिनों आप उदास होती हैं तो

आंखे जाने कितनों की लाल हो जाती हैं,

एक आपके रोने से बारिश आती है,

बनारस से बरेली होते हुए बेतिया तक, 

और भीगते रहते हैं हमलोग,एक दूसरे के दुःखमें।


आजकल रात भर जागते हैं सभी,

दिन खिन्नता तो रातें अनमनी हुईं हैं 

एक आपके करवटें बदलने से बेचैन हो जाते हैं सब,

जबकि हमे पता है अब इस तरह ही बीतेगा यह संतप्त जीवन।

फिर भी एक आपकी उदासी से पतझड़ टिक जाएगा बारहोमास के लिए।

सारा जीवन इस समय रुआंसा हुआ है आपकी तरह।


कैसे कहूं कि आप रोएंगी तो कहीं अम्मा भी छुप कर रोती होंगी और फिर-फिर ब्रेन हैमरेज का शिकार होती होंगी,

याद कीजिए कि एक बेटी के दुख ने किस तरह उन्हें तोड़ दिया था जीवन के उतार में!

कहीं बाबूजी से ये दुःख सहन नहीं हो रहा होगा  तो उनके ह्रदय की धड़कनें बार-बार रुकती होंगी।


और कुछ नहीं तो ये ख्याल करिए,

कि जब-जब आपकी आंख से आँसू बहता होगा,

जीजाजी शोक में डूब जाते होंगे कि उनकी दुलारी बिटिया को अब कौन दुलारेगा!

उनके लाडले को कौन पुचकारेगा!

दिनरात की मेहनत से जोड़कर बनाए उनके घर को दुःख में डूबी आप भला कैसे संवारेगी!

सनातन तो कहता है आप दोनों का नाता तो जन्मों का है, 

अग्नि बहुत पवित्र होती है,उसे साक्षी मानकर जोड़ गए नाते को मृत्यु भी नहीं तोड़ पाती।

तो शोक न करिए,शोक न करिए,

धीरज धरिये,धीरज धरिए।।


आप कहती हैं कि मैं बहुत बुद्धिमान हूं!तो मैंने तो यही समझा है कि,

जीवन मे सुख हाइकू जितना होता है और दुख उस ग्रंथ की तरह जो,कई-कई खंडो में लिखा होता है, 

फिर भी ईश्वर से उपसंहार नहीं लिखा जाता,

ईश्वर की इस मूर्खता पर मुस्कराइए।।

और हिम्मत कीजिए कि जीवन के गहरे दुःख में भी डूबे हम,

होते हैं न जाने कितनों का हौसला।

जैसे आप हैं अपने बच्चों के लिए,परिवार के लिए, 

जबकि आपका दुःख सबसे बड़ा है,ये सबको पता है,

फिर भी साहस बटोरिए,हिम्मत कीजिए।

और अपने हौसले से अपने दुःख को मात दीजिए।।



Comments

Popular posts from this blog

गणतंत्र दिवस और उस लड़की के स्वप्न...

उस लड़की के घर में स्वतंत्रता दिवस,गणतंत्र दिवस जैसे दिन एक उत्सव के रूप में मनाया जाता था।उसके पिताजी का कथन था कि ये दो दिन तो राष्ट्रीय पर्व का दिन है।पिताजी अन्य त्यौहारों पर भले उत्साहित रहें न रहें‌ अथवा मां के कहे अनुसार भोजन तथा अन्य त्यौहार अनुसार सामग्रियां लेकर आतें किंतु स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर वे बिना कहे भोजन सामग्री ले आतें और मां को बनाने को कहते।सुबह-सवेरे ही घर में टेलीविजन खुल जाता और दोनों दिनों के ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम तथा गणतंत्र दिवस पर होने वाली विभिन्न झांकियों का पूरा परिवार मिलकर आनंद लेतें।जाहिर सी बात है कि वैसे माहौल में कौन भला होगा जो सोया रहे। पिताजी बराबर सब भाई-बहनों को सुबह जल्दी उठकर टेलीविजन पर चलने वाले कार्यक्रमों को देखने के लिए कहतें।किंतु वह‌ लड़की उस माहौल में भी सोई रहती।मां डराती कि उठ जाए अन्यथा पिताजी नाराज़ होंगे।किंतु वह लड़की इतना ही कहती कि वह एक दिन वहां उपस्थित होकर इन‌ दो दिनों के कार्यक्रमों को देखेगी और वह भी किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में उसे अवसर मिलेगा और तब तक वह टेलीविजन पर नहीं देखेगी।मां इस बात से खी...

उदास दिन...

मैं अक्सर बेहिसाब उदासी से भर जाती हूं।इतनी उदास कि इस उदासी से दुनिया में एक नया महासागर बन‌ सकता है और दुनिया के नक्शे में पांच महासागर की जगह कुल छह समंदर हो जाएं।जब मैं कहती हूं किसी अपने से कि बहुत उदास हूं तो वह मुझे समझाता है कि फलां-फलां कारण से उदास हो और फलां-फलां काम करो,मन लगाओ तो उदासी दूर हो जाएगी। गोया उदास होना बहुत बुरी बात हो।कोई नहीं मिलता जो ये कहे कि ओह!उदास हो!अच्छी बात है,रहो उदास और इस दुनिया की चिंता मत करो।यह उदासी तुम्हारी यानि मेरा किरदार है इस दुनियावी रंगमंच पर। वर्ष भर के किन्ही‌ कमजोर दिनों में मैं अपनी उदासी को साधने में नाकामयाब होती हूं और तब उन दिनों में मैं अपने पसंदीदा गाना नहीं गा पाती‌ हूं।उन गीतों को भी नहीं जो प्रसन्नता के दिनों में बड़े सुर में निकलते हैं।उदासी‌ भरे गीतों के तो बोल तक नहीं फूटते कंठ से जबकि मुझे लगता है मेरी आवाज़ पर वे ही गीत अधिक फबते हैं।इन बेहद गहरे उदास दिनों में कुछ लिखा‌ भी नहीं जाता।शब्द कहीं खो जाते हैं।अर्थ अपनी अभिव्यक्ति में असमर्थ से हो जाते हैं।उथले से वाक्य बनते हैं और बेहद छिछले से वाक्यांश।और कलम!साध लेती है च...

समय से छले गए हमलोग...

बहन-बेटियों के लिए मायके की धूल भी स्वर्ण जैसे प्यारी होती है।फिर मायके में कोई दुखद घटना घट जाए और पता भी न चले तो ह्रदय धक् से दुख के गहनतम तल पर जा धंसता है।या कोई अच्छी बात घटे तो उसे सुनकर प्रसन्न होती हैं किंतु इस प्रसन्नता में एक दबी सी आह छिपी होती है कि वे क्यों न सम्मिलित हो पाईं उस सुख या दुख में।उस दुख को बांटने या कहें कि उससे निकलने के लिए और वर्तमान में आने के लिए बहनें जो अलग-अलग देश में ब्याह दी गई हैं,एक-दूसरे से बातें करती हैं,पुराने दिनों को याद कर कभी रोती,कभी हंसती हैं।लेकिन इन तमाम बातों के बीच भी यह बात उन्हें अधिक सालती है कि फलाने आजी-बाबा,फलाने भैय्या-भौजी (और तमाम इस तरह के रिश्ते) अब नहीं रहें और यह खबर बेटियों तक देर से पहुंची।बेटियां सच में एकदिन इतनी परायी हो जाती हैं कि घरवाले गाॅंव-जवार की खबर देना भी बेटियों को आवश्यक नहीं समझतें। एक समय बाद वह घर जहां जन्म लियें,वह‌ गाॅंव,गाॅंव के लोग जिनके बीच पलकर बड़े हुए,रोते-रोते जिनसे यह कह कर विदा ली कि अब हंसते रहेंगे और अब जब अरसा बीत गया मायके गये तो जाने पर उनमें से कुछ से भेंट होगी,न होगी,कौन जाने! बहरहाल...