Skip to main content

नीत्शे...

 


नीत्शे…

 

सत्य कुरूप होता है।हम कला की शरण में इसलिए जाते हैं कि सत्य कहीं हमारा सत्यानाश न कर दे।—–‘फ्रेडरिक नीत्शे।
यह वक्तव्य देने वाले दार्शनिक नीत्शे सत्यम, शिवम,सुन्दरम को किस तरह परिभाषित करते?,

प्रत्येक देश- काल-परिस्थिति-सभ्यता-संस्कृति-विचारक- दार्शनिक-साहित्यकार का अपना सत्य होता है।नीत्शे इसपर क्या कहते, या किस तरह इसे समझाते, ये तो हम और आप एक अनुमान लगा ही सकते हैं उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से।किन्तु मेरे विचार में सत्य को जानना गहनतम दुःख के बोध में डूबना है, यह दुख-बोध सत्य को जानने का तार्किक परिणाम है।एक सम्वेदनशील व्यक्ति के लिए इस जीवन और उसके हर पक्ष की नग्न सत्यता को जानने के प्रतिफल में शिव और सुंदर तक पहुंचने के पहले उसे यदि कुछ मिलता है तो वह आत्मपीडा है।और मजे की बात ये है कि संसार-सम्बंध- प्रेम- मित्रता के ताने-बाने से बुने गए इस संसार की कुरूपता में उतरने से,जीते जी इस जीवन से आत्म निर्वासित होकर जीना और यह पीड़ा भोगना अधिक श्रेयस्कर लगता है। हो सकता है इस तरह जीना सम्भवतः इसलिए ठीक लगता हो कि यह सत्य से शिव और सुंदरम तक पहुंचने का मार्ग हो! हो सकता है बुद्ध बनने का मार्ग हो, किंतु जब तक ऐसा नहीं है तब तक मैं तो कहूँगी कला ही क्या जीवन का हर उत्सव-राग-प्रपंच इस सत्य की कुरूपता से स्वयं को नष्ट होने से बचाने का एक तरीका मात्र ही है, खुद को भ्रम में डाले रहने का उपाय मात्र है,स्वयं के भीतर झांकने से बचने का जतन मात्र है।हम बचना चाहते हैं स्वयं के भीतर झांकने से, क्यूंकि नीत्शे ने कहा था कि ‘ ईश्वर मर चुका है’, मैं तो कहती हूँ हम इंसान के अंदर की इंसानियत मर चुकी है, हमारे आँखों का पानी मर चुका है।पता नहीं हम इंसान अपने अंदर यह इंसानियत लेकर पैदा ही नहीं हुए कि जीवन मे एक अंधी दौड़ ने इस इंसानियत को मार दिया! हम सब सत्य से भागे-फिरते लोग हैं, अंदर से पूरी तरह सड़ चुके और विक्षिप्त लोग हैं, बस बाहर में हम सभ्य दिखने का नाटक करते हैं, जो इस नाटक में जितना बेहतर अभिनय करता है, वह उतना ही सभ्य दिखता है।
सत्य जानना और उसको ज्यों का त्यों जीवन में उतारना , ये दो ही लोग कर सकते हैं, या तो दुनिया की दृष्टि में जो विक्षिप्त हो या जो दार्शनिक हो, और दोनों को पागल कहना आसान है, दोनों को दुनिया पागल कहती भी है क्यूंकि इन दोनों के पागलपन के पीछे दुनियावी सभ्य- सुसंस्कृत लोग अपने हृदय रूपी स्वरूप की कुरूपता और जीवन में सफ़लता के मार्ग में अपनाए गए वीभत्सता और क्रूरता को छुपा लेते हैं।
नीत्शे तो दोनों थे- विक्षिप्त भी,दार्शनिक भी।
सत्य जानकर आप यदि ये दोनों नहीं हो जाते तो आप क्या हैं, स्वयं विचार कीजिए।।

Comments

Popular posts from this blog

गणतंत्र दिवस और उस लड़की के स्वप्न...

उस लड़की के घर में स्वतंत्रता दिवस,गणतंत्र दिवस जैसे दिन एक उत्सव के रूप में मनाया जाता था।उसके पिताजी का कथन था कि ये दो दिन तो राष्ट्रीय पर्व का दिन है।पिताजी अन्य त्यौहारों पर भले उत्साहित रहें न रहें‌ अथवा मां के कहे अनुसार भोजन तथा अन्य त्यौहार अनुसार सामग्रियां लेकर आतें किंतु स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर वे बिना कहे भोजन सामग्री ले आतें और मां को बनाने को कहते।सुबह-सवेरे ही घर में टेलीविजन खुल जाता और दोनों दिनों के ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम तथा गणतंत्र दिवस पर होने वाली विभिन्न झांकियों का पूरा परिवार मिलकर आनंद लेतें।जाहिर सी बात है कि वैसे माहौल में कौन भला होगा जो सोया रहे। पिताजी बराबर सब भाई-बहनों को सुबह जल्दी उठकर टेलीविजन पर चलने वाले कार्यक्रमों को देखने के लिए कहतें।किंतु वह‌ लड़की उस माहौल में भी सोई रहती।मां डराती कि उठ जाए अन्यथा पिताजी नाराज़ होंगे।किंतु वह लड़की इतना ही कहती कि वह एक दिन वहां उपस्थित होकर इन‌ दो दिनों के कार्यक्रमों को देखेगी और वह भी किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में उसे अवसर मिलेगा और तब तक वह टेलीविजन पर नहीं देखेगी।मां इस बात से खी...

19/06/2025

मां जब बीमार पड़ी और ऐसी पड़ी कि फिर पहले जैसी न हुईं,उन्हीं दिनों की बात है जब देह में एक अनजाने रोग ने दस्तक दी।दस्तक ही इतनी जोरदार थी कि लगा आगे क्या होगा।इन भय से भरे दिन में जब मां से मिलने गई किंतु बता न सकी कि मैं कितने दर्द में हूं,तभी कि बात है। बीमारी से पहले मां को न रोग बताने पड़ते थें न पीड़ाओं की गहराई,चाहे वह देह पर लगी हो या मन पर।न जाने कौन सी पढ़ाई उसने कहां से की थी कि कुछ कहना नहीं पड़ता था गो वह जानती थी कि मुझे शायद कहने नहीं आता या कहूंगी नहीं। तब दर्द से रातभर जगने के कारण अगली सुबह जब शरीर के कुछ कदम चलने में भी सहयोग देने से मना करने पर मां के बगल में लेटी।तब स्वयं पर जीवन में पहली बार दया आई।मन इस वेदना से मनो भारी हो गया कि अब दर्द को बिना कहे कोई समझने वाला नहीं है।अब बीमार पड़ने पर कोई दौड़-दौड़कर दवा लाने वाला नहीं है। वह पहली बार था जब बीमार पड़ने पर स्वयं पर रोना आया।अब भी बीमार पड़ती हूं,बीमारी में रोना आता है किंतु अब खुद पर उस दिन जैसी दया नहीं आती।अब कहने का सहूर भी आ गया है।यह न कहना भी कृतघ्नता होगी कि जीवन के सामाजिक दायरे ने ऐसा खुशनुमा विस्तार...

उदास दिन...

मैं अक्सर बेहिसाब उदासी से भर जाती हूं।इतनी उदास कि इस उदासी से दुनिया में एक नया महासागर बन‌ सकता है और दुनिया के नक्शे में पांच महासागर की जगह कुल छह समंदर हो जाएं।जब मैं कहती हूं किसी अपने से कि बहुत उदास हूं तो वह मुझे समझाता है कि फलां-फलां कारण से उदास हो और फलां-फलां काम करो,मन लगाओ तो उदासी दूर हो जाएगी। गोया उदास होना बहुत बुरी बात हो।कोई नहीं मिलता जो ये कहे कि ओह!उदास हो!अच्छी बात है,रहो उदास और इस दुनिया की चिंता मत करो।यह उदासी तुम्हारी यानि मेरा किरदार है इस दुनियावी रंगमंच पर। वर्ष भर के किन्ही‌ कमजोर दिनों में मैं अपनी उदासी को साधने में नाकामयाब होती हूं और तब उन दिनों में मैं अपने पसंदीदा गाना नहीं गा पाती‌ हूं।उन गीतों को भी नहीं जो प्रसन्नता के दिनों में बड़े सुर में निकलते हैं।उदासी‌ भरे गीतों के तो बोल तक नहीं फूटते कंठ से जबकि मुझे लगता है मेरी आवाज़ पर वे ही गीत अधिक फबते हैं।इन बेहद गहरे उदास दिनों में कुछ लिखा‌ भी नहीं जाता।शब्द कहीं खो जाते हैं।अर्थ अपनी अभिव्यक्ति में असमर्थ से हो जाते हैं।उथले से वाक्य बनते हैं और बेहद छिछले से वाक्यांश।और कलम!साध लेती है च...