Skip to main content

विश्व पुस्तक दिवस...



वर्जिनिया वुल्फ की लिखित एक पुस्तक है--जिसका हिन्दी अनुवाद "अपना एक कमरा"नाम से हुआ है। मैं जब बीते दिनों की ओर पलट कर देखती हूँ तो सदैव से घर में मेरा एक कोना रहा है,जिसपर मेरा एकाधिकार था और किसी को भी बिना मेरे पूछे उस कोने में प्रवेश की सख्त मनाही थी।वह कोना भरा था मेरी पुस्तकों से।उस कोने से प्रेम इस कदर था कि जरा सा कोने में स्थित आलमारी(दिवाल में बनी हुई) पर बिछे समाचार पत्र भी अगर मुड़े होते थे तो मुझे पता चल जाता था और मैं एकदम गुस्से में तमतमाते हुए पूछती थी कि किसने छुआ इस आलमारी को? तब माँ एकदम गंभीर होकर और इस चिंता में कि कहीं कुछ गड़बड़ तो नहीं हो गई उससे,कहती थी कि 'मैने केवल यह फलां सामान रखा और कुछ नहीं छुआ'।चूंकि वह फलां सामान भी मेरे लिए ही होता था इसलिए तब मैं संतोष की सांस भरती कि यह कोना एकदम सुरक्षित है। 

पुस्तकों और उससे प्रेम के अनेकों किस्से हैं जीवन से जुड़े।उन किस्सों को लेकर एक पुस्तक की रचना तो हो ही सकती है।नहीं!यह इसलिए नही कि मैं ऐसा अपनी प्रशंसा में कह रही हूँ,बल्कि ऐसा इसलिए कि उन किस्सों को केन्द्र में रखकर जीवन के,रिश्तों के,मानवीय जीवन के, सामाजिक ढांचे के तानेबाने बुने जा सकते हैं जो हमें इनकी संरचना को हर दृष्टि से समझने में सहायक हो सकती हैं। 

बहरहाल ये कहानी फिर कभी... 

अभी तो यही कि जब भी पुस्तकों का जिक्र छिड़ता है,मुझे बरबस स्मरण हो आता है वह दिन जब मैं और मेरी बचपन की मित्र अपने घर की गली में एक दुपहरिया खड़े बात कर रहे थे,तभी वहाँ से फेरीवाला जिसने लड़कियों के लिए सलवार-कुर्ता,रंगबिरंगे दुपट्टे लिए हुए गुजरा।मेरी मित्र ने उसे आवाज देकर रोका और अपनी पसंद से एक कुर्ता खरीद लिया।चूंकि मैं भी विश्वविद्यालय में उस समय प्रवेश पा चुकी थी,अत: मुझे भी एक दुपट्टे की अतिआवश्यकता थी जिसे आवश्यकतानुसार कई सलवार कमीज पर चलाया जा सके।किन्तु मेरे पास उतने ही पैसे थे जिसमें या तो मैं वह पुस्तक खरीद सकती थी या वह एक दुपट्टा।अंततः मैने दुपट्टे के स्थान पर वह पुस्तक खरीदने का निर्णय लिया।किन्तु मन अंदर से थोड़ा उदास अवश्य था।यद्यपि यह उस प्रसन्नता से दब गई जो बाद में पुस्तक खरीदने पर हुई। 

अनेकों रोचक घटनाएं भी हैं पुस्तकों को खरीदने के लिए,जब सब छल कर के कभी स्कूल,कभी कम्प्यूटर क्लास में लगने वाले फीस को माफ करा कर उससे मनपसंद पुस्तकें खरीदीं।ऐसे ही किसी फीसमाफी से जो पहली पुस्तक खरीदी थी वह बारहवीं कक्षा में खरीदी थी और पुस्तक थी' गुनाहों का देवता'।और एक दिन और एक पूरी रात जगकर उस पुस्तक को पढ़कर समाप्त कर ही सोई। 

पुस्तकों से यह प्रेम कब और कैसे आरंभ हुआ,यह ज्ञात नहीं।किन्तु जब से होश संभाला,इस ओर रूझान स्वयं का देखा।हो सकता है यह पिछले जन्म के संस्कार हों।किन्तु यह भी सत्य है कि आरंभ में क्या पढ़ा जाए,इसका बिलकुल भी संज्ञान नही था।मुझे यह कहने में संकोच नहीं कि आरंभिक दौर में मैंने सरस सलिल जैसी पुस्तकें भी पढ़ीं और घर में बड़ी बहनों द्वारा छुपाकर रखे गए गृहशोभा और इस तरह की अन्य पुस्तकें।कभी बड़ी बहनों के ससुराल जाने पर उनके घर पिछले कई दिनों के समाचारपत्र भी इकट्ठे पढ़ डालती थी।कभी सब्जी या अन्य घरेलू सामान मंगाने के लिए माँ द्वारा दिये गये पैसों से काॅमिक्स की पुस्तकें भी पढ़ीं तो क्रिकेट से संबंधित अनेकों मासिक पत्रिकाएं भी।

धीरे धीरे समझ बढ़ी और अनुभव ने सहयोग किया पठनीय और अपठनीय पुस्तकों में अंतर करने का।पुस्तकों सहित कुछ दार्शनिक,कुछ लेखक,कुछ इतिहासकारों ने जहाँ ह्रदय को चेतस बनाया तो कुछ ने मस्तिष्क को परिष्कृत किया।आखिरकार इन अचेतन पुस्तकों में इतना तो सामर्थ्य है ही कि कभी किसी क्षण किसी चेतन प्राणी में प्राण फूंक दें।

पुस्तकों संग सखावत् जैसे,जीवनसाथी जैसे,यात्रा अब तक जारी है।अब यह समझ तो आ ही गया है कि यही संग रहेगा भी जीवन के अंत तक।पुस्तकें और पुस्तकों को पढ़ने-गुनने की अभिरुचि।यही संग रहे तो ही बेहतर इस जीवन का अंत कुछ हद तक संभव भी हो किंचित्। 

मैंने बहुत पुस्तकें पढ़ लीं हो,ऐसा नहीं है।मुझसे अधिक गंभीर और अनन्य अध्येताओं से मैं मिली हूँ।किन्तु मैने जितना पढ़ा,उसे समझने का पूरा जतन किया और उस समझ के सहारे जीवन के विविध पक्षों को समझने का प्रयास।जीवन में उतार और चढ़ाव दोनों का दौर आता है।दोनों ही दौर में चाहे प्रसन्न मन से,चाहे उदास मन से घर के इसी कोने की शरण ली। 

विश्व पुस्तक दिवस का आज का यह दिन तो ऐसा है कि घंटो इसपर अभी लिखा जा सकता है,कुछ और कहा जा सकता है,उस समझ को जो मैंने सीखा,उसपर विमर्श हो सकता है और तब भी मन न भरे।किन्तु उस एक बात के साथ अपनी बात समाप्त करती हूँ जो एकबार किसी पुस्तक में पढ़ा था।अपनी पुस्तक को उसके लेखक द्वारा जिसे समर्पित किया गया था और जिस अंदाज में समर्पित किया गया था,वह आज भी स्मरण है।लेखक के ही शब्दों में–

"आदरणीय बड़े भाई को सादर समर्पित,जिन्होंने पढ़ा तो बहुत किन्तु लिखा नहीं।कर्म लिखा नहीं जाता।"

हमने क्या पढ़ा और पढ़े हुए को कैसे धारण किया,यह अंततः हमारे कर्म,हमारा आचरण ही निर्धारित करता है। 

इसी के साथ विश्व पुस्तक दिवस की सभी को बधाई…

Comments

Maya tiwari said…
Bahut sundar
Unknown said…
बेहतरीन अनुभव है मैम ��
Unknown said…
बेहतरीन अनुभव है मैम 🙏
Unknown said…
बेहतरीन अनुभव है मैम 🙏
Bheem Kumar said…
बेहतरीन अनुभव है मैम 🙏

Popular posts from this blog

गणतंत्र दिवस और उस लड़की के स्वप्न...

उस लड़की के घर में स्वतंत्रता दिवस,गणतंत्र दिवस जैसे दिन एक उत्सव के रूप में मनाया जाता था।उसके पिताजी का कथन था कि ये दो दिन तो राष्ट्रीय पर्व का दिन है।पिताजी अन्य त्यौहारों पर भले उत्साहित रहें न रहें‌ अथवा मां के कहे अनुसार भोजन तथा अन्य त्यौहार अनुसार सामग्रियां लेकर आतें किंतु स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर वे बिना कहे भोजन सामग्री ले आतें और मां को बनाने को कहते।सुबह-सवेरे ही घर में टेलीविजन खुल जाता और दोनों दिनों के ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम तथा गणतंत्र दिवस पर होने वाली विभिन्न झांकियों का पूरा परिवार मिलकर आनंद लेतें।जाहिर सी बात है कि वैसे माहौल में कौन भला होगा जो सोया रहे। पिताजी बराबर सब भाई-बहनों को सुबह जल्दी उठकर टेलीविजन पर चलने वाले कार्यक्रमों को देखने के लिए कहतें।किंतु वह‌ लड़की उस माहौल में भी सोई रहती।मां डराती कि उठ जाए अन्यथा पिताजी नाराज़ होंगे।किंतु वह लड़की इतना ही कहती कि वह एक दिन वहां उपस्थित होकर इन‌ दो दिनों के कार्यक्रमों को देखेगी और वह भी किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में उसे अवसर मिलेगा और तब तक वह टेलीविजन पर नहीं देखेगी।मां इस बात से खी...

19/06/2025

मां जब बीमार पड़ी और ऐसी पड़ी कि फिर पहले जैसी न हुईं,उन्हीं दिनों की बात है जब देह में एक अनजाने रोग ने दस्तक दी।दस्तक ही इतनी जोरदार थी कि लगा आगे क्या होगा।इन भय से भरे दिन में जब मां से मिलने गई किंतु बता न सकी कि मैं कितने दर्द में हूं,तभी कि बात है। बीमारी से पहले मां को न रोग बताने पड़ते थें न पीड़ाओं की गहराई,चाहे वह देह पर लगी हो या मन पर।न जाने कौन सी पढ़ाई उसने कहां से की थी कि कुछ कहना नहीं पड़ता था गो वह जानती थी कि मुझे शायद कहने नहीं आता या कहूंगी नहीं। तब दर्द से रातभर जगने के कारण अगली सुबह जब शरीर के कुछ कदम चलने में भी सहयोग देने से मना करने पर मां के बगल में लेटी।तब स्वयं पर जीवन में पहली बार दया आई।मन इस वेदना से मनो भारी हो गया कि अब दर्द को बिना कहे कोई समझने वाला नहीं है।अब बीमार पड़ने पर कोई दौड़-दौड़कर दवा लाने वाला नहीं है। वह पहली बार था जब बीमार पड़ने पर स्वयं पर रोना आया।अब भी बीमार पड़ती हूं,बीमारी में रोना आता है किंतु अब खुद पर उस दिन जैसी दया नहीं आती।अब कहने का सहूर भी आ गया है।यह न कहना भी कृतघ्नता होगी कि जीवन के सामाजिक दायरे ने ऐसा खुशनुमा विस्तार...

उदास दिन...

मैं अक्सर बेहिसाब उदासी से भर जाती हूं।इतनी उदास कि इस उदासी से दुनिया में एक नया महासागर बन‌ सकता है और दुनिया के नक्शे में पांच महासागर की जगह कुल छह समंदर हो जाएं।जब मैं कहती हूं किसी अपने से कि बहुत उदास हूं तो वह मुझे समझाता है कि फलां-फलां कारण से उदास हो और फलां-फलां काम करो,मन लगाओ तो उदासी दूर हो जाएगी। गोया उदास होना बहुत बुरी बात हो।कोई नहीं मिलता जो ये कहे कि ओह!उदास हो!अच्छी बात है,रहो उदास और इस दुनिया की चिंता मत करो।यह उदासी तुम्हारी यानि मेरा किरदार है इस दुनियावी रंगमंच पर। वर्ष भर के किन्ही‌ कमजोर दिनों में मैं अपनी उदासी को साधने में नाकामयाब होती हूं और तब उन दिनों में मैं अपने पसंदीदा गाना नहीं गा पाती‌ हूं।उन गीतों को भी नहीं जो प्रसन्नता के दिनों में बड़े सुर में निकलते हैं।उदासी‌ भरे गीतों के तो बोल तक नहीं फूटते कंठ से जबकि मुझे लगता है मेरी आवाज़ पर वे ही गीत अधिक फबते हैं।इन बेहद गहरे उदास दिनों में कुछ लिखा‌ भी नहीं जाता।शब्द कहीं खो जाते हैं।अर्थ अपनी अभिव्यक्ति में असमर्थ से हो जाते हैं।उथले से वाक्य बनते हैं और बेहद छिछले से वाक्यांश।और कलम!साध लेती है च...