Skip to main content

छल!छल!छल! और बस छल।

 

 

मेरे कमरे में दो ही चीजें बोलती हैं।पहला,एक छात्रा का दिया उपहार,जिसकी घंटियां मेरे कमरे में आने-जाने पर मुझसे टकराने से बज उठती हैं।और दूसरा,दीवाल पर टंगी आप दोनो की तस्वीर,आप दोनों की आंखें!अक्सर जब मन यह प्रश्न करता है कि आप दोनों को इतनी क्या शीघ्रता थी एक साथ जाने की और यह दुख तब और बढ़ जाता है जब मन आहत हो,घायल हो किसी बात पर।चाहकर भी हृदय किसी आत्मीय को संकोचवश फोन नहीं मिला पाता कि अगला व्यस्त न हो कहीं!वह भी घायल न हो!और मैं अपना रोना लेकर बैठ जाऊँ!

      सोचती हूं,कभी मैं जिसकी आत्मीय थी,उन बहनों,मित्रों को एक सन्देशा ही भेजूं!कि पाषाण हृदय सम्भवतः पिघल जाए जैसे दुष्यंत कुमार ने कहा है कि ‘आसमान में भी छेद हो सकता है, एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारों ‘।सम्भवतः मेरे शब्दों से कहीं कोई पिघल जाए, बदल जाए!आखिर कब बदल जाए,दिल ही तो है!

 पर फिर सोचती हूं अच्छा ही है जो आप दोनों नहीं है,क्यूंकि छल के सिवाय इस दुनिया में रखा क्या है!हाँ एक छल है,जिसका मेरे कमरे में क्या,  पूरी दुनिया में बोलबाला है। 

          छल!छल!छल! और बस छल।

 मनुष्यों से भरे इस जहाँ में कहीं कोई मिलता है,तो वह बस छल है। 

साँझ ढले जब समझा-बुझाकर स्मृतियों को कमरे पर मेला लगाने से रोक लेती हूं तो देखती हूँ ठीक सामने कुर्सी पर बैठा छल अट्टहास कर रहा है!और व्यंग्य करता मुझपर कहता है कि ‘अपना लो मुझे,और कोई नहीं है जो इस मानवीय जग में किसी का होता है’।और फिर तुम ही तुम बोलोगी इस दुनिया में,सब तुम्हारी सुनेंगे’।फिर न जाने क्यूँ मुँह बिचकाकर कहता है ‘छोडो तुमसे नहीं हो पाएगा ‘।

मैं भी गुस्से से भरकर कह उठती हूं ‘क्यूँ नहीं मैं कर पाऊँगी?,बताओ,क्या करना होगा मुझे?

उत्तर आया-आत्मा मुझे बेचनी होगी। 

अब मैं क्या कहूँ उस छल से कि आत्मा कैसे बेचूं!

इसलिए नही कि मैं बेच नहीं सकती या कि मैं बहुत ईमानदार-महान हूं।मैं तैयार हूं इस आत्मा नामक सबसे कुरूप वस्तु को बेचने के लिए।

             लेकिन वह आत्मा इतनी घायल,  इतनी दारुण अवस्था में है कि डर लगता है छुने से कहीं और न टूट-फुट जाए!और तो और मैं उसे बनारस से ले ही नहीं आ पाई!वह अब तलक वहीं है,अभिशापित प्रेत की तरह भटकता हुआ।घर से बहनों के घर तक,बहनों के घर से दोस्तों के दर तक।पर प्रेत को भला कौन सुनता है!

          कभी पूछती हूं कि कब लौटोगे आखिर?

दरअसल वह अब तक प्रतीक्षा में है कि जैसे घूरे के दिन भी फिरते हैं,उसके भी फिरेंगे।और नहीं तो उसने पढ़ लिया है कहीं कि ‘कुछ लोग एक ही धोखा खाने के बाद बन जाते हैं- संत,शराबी,या धोखेबाज।पर आदमी अगर इनमे से कुछ नहीं बनता और बना रहता है पूर्व की भांति प्रेमी/मित्र,तो एक दिन वे मुक्त हो जाते हैं,उसने तो कई धोखे खाए हैं,कई छल के छाले अब भी ज्यों का त्यों हृदय पर पड़ा है। 

पर जी में आता है कि बताऊँ कैसे अपनी ही आत्मा को कि मुक्ति की बात भी छलावा है।मेरा बस चले तो मैं आचार्य शंकर के इस सूत्र” ब्रह्म सत्यम,जगत्मिथ्या,जीवब्रह्मैवनापरः”के स्थान पर लिखूं- ब्रह्मछलम्,जगतछल,जीव छल”।लिखूं कि सर्वम छलं!छलं!

और अंततः एक बार पुनः छल बड़े जोरों से मुझपर हंसता हुआ कमरे से चला जाता है फिर से मेरे पास आने के लिए रूप बदलकर।और मैं मन की पीड़ा आप दोनों से साझा करने बैठ गई।  अब बस करती हूं।फिर लिखूँगी,प्रयास होगा कि अबकी कुछ खुशियां साझा करूंगी पत्र के सहारे।।

                            शुभ रात्रि।।

चिट्ठियां (3)जो,जिसको लिखी जाती हैं,उस तक कभी नहीं पहुंचती।

Comments

Popular posts from this blog

आत्म-समीक्षा के दिन...

 भारतीय दर्शन में या यूं कहें कि विश्व दर्शन में कुछ अवधारणाएं ऐसी हैं जिनपर दो पक्ष है किंतु अंतिम निर्णय अभी तक नहीं हुआ है। यदि ज्ञान का विस्तार करें तो विज्ञान भी इसमें सम्मिलित है। किंतु क्योंकि मैं दर्शन की विद्यार्थी हूं तो दर्शन पर अपनी बात केन्द्रित करती हूं।इन तमाम अवधारणाओं में है - आकाश,समय ,दिशा,कारण-कार्य,कर्मनियम, पुनर्जन्म इत्यादि। विसंगति यह है कि रोजमर्रा के अपने जीवन में मैं नितप्रति इन अवधारणाओं की संकरी गली से गुज़रती हूं। किंतु एक तो ज्ञान का प्रकाश कुछ मद्धम है मुझमें तो रोज़ ही डूबना-उतराना होता है। मैं जब इन प्रश्नों से निजात पाने की सोचकर वर्तमान के अनुसार स्वयं को ढालने का प्रयास करती हूं तो पाती हूं कि इस मल्टीमीडिया सेट जैसे समय में मैं तो बटन टिपने वाली मोबाइल जैसे हूं। दूसरे, शब्दों में कहें तो समयानुकूल नितांत अयोग्य हूं। मैं जो वर्तमान में हूं, यदि वह‌ नहीं होऊं तो मुझे और कुछ भी नहीं आता है।तब मैं पुनः घबरा कर अपने कमरे में पड़े किसी दार्शनिक अवधारणा को उठाती हूं और उसपर चिंतन करने का अभिनय करती हूं। किंतु यह अभिनय मुझे मुंह चिढ़ाता है कि ऐसा अभिनय...

गणतंत्र दिवस और उस लड़की के स्वप्न...

उस लड़की के घर में स्वतंत्रता दिवस,गणतंत्र दिवस जैसे दिन एक उत्सव के रूप में मनाया जाता था।उसके पिताजी का कथन था कि ये दो दिन तो राष्ट्रीय पर्व का दिन है।पिताजी अन्य त्यौहारों पर भले उत्साहित रहें न रहें‌ अथवा मां के कहे अनुसार भोजन तथा अन्य त्यौहार अनुसार सामग्रियां लेकर आतें किंतु स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर वे बिना कहे भोजन सामग्री ले आतें और मां को बनाने को कहते।सुबह-सवेरे ही घर में टेलीविजन खुल जाता और दोनों दिनों के ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम तथा गणतंत्र दिवस पर होने वाली विभिन्न झांकियों का पूरा परिवार मिलकर आनंद लेतें।जाहिर सी बात है कि वैसे माहौल में कौन भला होगा जो सोया रहे। पिताजी बराबर सब भाई-बहनों को सुबह जल्दी उठकर टेलीविजन पर चलने वाले कार्यक्रमों को देखने के लिए कहतें।किंतु वह‌ लड़की उस माहौल में भी सोई रहती।मां डराती कि उठ जाए अन्यथा पिताजी नाराज़ होंगे।किंतु वह लड़की इतना ही कहती कि वह एक दिन वहां उपस्थित होकर इन‌ दो दिनों के कार्यक्रमों को देखेगी और वह भी किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में उसे अवसर मिलेगा और तब तक वह टेलीविजन पर नहीं देखेगी।मां इस बात से खी...

बरेली

 वर्ष 2011 - 12 की बात है;तब संघर्ष के दिन अपने पूरे यौवन पर थें।उन्हीं दिनों में बहन के घर से (बहेड़ी) जो उन दिनों डेरा था मेरा, से कार्यस्थल (बरेली) तक (जिसकी दूरी करीब पैंतीस किमी थी) रोज़ आना-जाना होता था।यात्रा का साधन कभी बस और अधिकतर रेलगाड़ी होती थी बहेड़ी से बरेली तक की रेलगाड़ी की यात्रा में करीब छोटे-छोटे सात-आठ स्टेशन पड़ते थें।किंतु मुझे उनमें बस एक ही नाम स्मृति में रहा,इज्ज़तनगर। स्मरण रहे जाने के दो कारण थें -एक तो नाम में ही जिसके इज्ज़त हो,उसे न याद रखना एक तरह से विश्वासघात ही होता अपने अतीत से और दूसरे इस स्टेशन या कहें छोटे से स्थान का स्थानीय लोगों द्वारा उच्चारण।वे इसे ऐजेडनगर कहकर बुलाते।अब भी बुलाते हैं,नहीं पता।मैं घर आकर अक्सर इस बात की खीझ बहन के सामने उतारती कि अच्छे भले नाम को लोग क्यों बिगाड़ते हैं!खैर, उन दिनों इस स्टेशन की हालत मुझ जैसी ही थी!समय का तंगहाल दौर!कमतरी के दोपहर,विषाद में डूबीं रातें,पीड़ाओं में आकंठ डूबा देह और मन।दोनों के बेतहाशा तपने के दिन थें। मौसम कौन सा रहे,इससे अंतर नहीं था। उन्हीं दिनों,घर से कार्यस्थल जाते समय ट्रेन में जब कभ...