Skip to main content

घर से लौटने की पीड़ा...



            चित्र घर से लौटते वक्त रेलगाड़ी से ली गई... 

घर! भवानी प्रसाद मिश्र जी की एक कविता की कुछ लाइन्स हैं,-मैं मजे में हूँ,सही है,घर नहीं हूँ,बस यही है। 

लेकिन ये बस बड़ा बस है,इस बस से सब विरस है। 

यकीनन,घर से दूर सब दुनियाभर के आराम हो,शान हों लेकिन एक समय के बाद घर पर बस यूँ ही पड़े रहना कभी खाली,इसमें बहुत कुछ भरा होता है।इतना कि यह सांसों में जीवन भर देता है। 

दुर्गापूजा और दिवाली-छठ मिलाकर उत्तर प्रदेश और बिहार में एक माह के अंदर में लगभग सप्ताह भर की छुट्टी मिल जाती है।मैं भी इन छुट्टियों में घर गई, बहन के घर गई।आज के समय या कहें कि किसी भी समय में माँ-बाप के बाद भी भाई-भौजाई-बहनें यदि पूछ लें तो मैं समझती हूँ यह भी जीवन का सौभाग्य है।न जाने किसके आशीर्वाद से यह सौभाग्य अब तक जीवन में व्याप्त है।बस एक कचोट रह गई मन में कि इस बार गाँव जाना न हो पाया।जबकि गाँव की याद रह रहकर गर्मी की छुट्टी से लौटने के बाद आ रही थी मानो कोई प्रतीक्षारत हो वहाँ।अब तो होली पर ही शायद जाना हो सके। 

बहरहाल, 

इस बार घर से लौटते समय यूँ ही अचानक ट्रेन के माहौल पर ध्यान गया।या कहें कि प्रशांत भैय्या ने अपने पोस्ट से इस ओर ध्यान दिलाया।होता अक्सर यूँ है कि मैं सबसे ऊपर वाली सीट चुनती हूँ।इसके दो लाभ होते हैं,एक तो कोई आपको डिस्टर्ब नहीं करता जैसा कि नीचली दोनों सीट पर होता है।दूसरे ऊपर की सीट पर बैठकर अपनी बोगी का जायजा लेने में ईश्वर जैसी फीलिंग आती है।खेल से अलग होकर दुनिया के खेल का आनंद उठाने जैसा।यह दुनिया एक खेल ही तो है।यूँ भी अगर हम भारतीय रेल में स्लीपर में यात्रा कर रहे हों तो वह जनरल बोगी के समकक्ष ही ठहरता है।इसलिए चहलपहल सदैव बनी ही रहती है 

किंतु हरबार दीवाली छठ की छुट्टियों के बाद लौटने पर माहौल ही जैसे एकदम से बदला हुआ होता है रेलगाड़ियों का!रेल में यात्रा कर रहे लोगों का!इतना उचाट होता है लोगों का मन और रेलगाड़ियों का भी मन बल्कि कहें कि रेल में यात्रा कर रहे सामूहिक चेतना का,जो सालभर एक अलग ही गुंजन से भरी होती है,वह इस समय अजीब से खालीपन से भर जाता है।खाली तो हो ही जाते हैं हम अपनों से मिलकर।वह बोझ जो कंधे पर,दिल में होता है,घर की देहरी देखते ही मानो छूमंतर हो जाता है।घर जाते समय जो उत्साह होता है,वही लौटकर एक कचोट,एक टीस में बदल जाती है।घर जाते समय जो रेल स्वर्ग के झूले सा लगता है, लौटते वक्त वही जिम्मेदारी रूपी सुरसा की तरह मुंह बाए मिलती है।जिसमें प्रवेश के बाद एक बार फिर जीवन जिम्मेदारी की चक्की में प्रवेश कर जाता है। 

अक्सर सीट को लेकर जो लोगों में चिकचिक होती है,घर से लौटते वक्त अचानक से एक परिपक्वता में बदल जाती है।लोग चुपचाप एडजस्ट कर लेते हैं।न उतरने की जल्दी,न तो ट्रेन में जल्दी से चढ़ने की होड़!घर जाते वक्त जो राजनीति से माहौल गर्म रहता है,खेलों की चर्चा से हर्षित वह सब अचानक मानो दिसम्बर की ठंडी जैसे ठंडे से हो रहते हैं घर से लौटते वक्त।यकीनन दिसम्बर की ठंड घर से लौट रहे लोगों के आहों का बदला हुआ रूप है। 

मुझे लगता है अगर भारतीय जनमानस के स्वभाव और समझ को समझना हो,जीवन के अलग-अलग रूपों को देखना हो तो रेलवे का वह भी स्लीपर क्लास का सफर एक अच्छा विकल्प है।एक ही घेरे में अमीर-गरीब,शांत-उजड्ड,शहरी-ग्रामीण, बौद्धिक-आमजन,और इन सबसे बढ़कर दुख और सुख को एक साथ देखना हो तो ट्रेन का सफर आपको यह सब देखने का अवसर देता है।इसी कारण मुझे ट्रेन से सफर करना अत्यंत पसंद है।

बहरहाल,

कितना लिखा जाए घर से लौटने की पीड़ा को!जो भी लिखूंगी,कम ही लगेगा।कल या आज तक में सब लौट गए होंगे अपने अपने घर से अपने अपने काम पर।कल से घर को दिल में बसाकर सब अपने अपने काम पर निकल जाएंगे।सबका संसार फिर से गतिमान हो चलेगा।इस बैरी जीवन को यूँ भी किसी के रूकने-चलने से अंतर नहीं पड़ेगा किंतु हम सबको अवश्य पड़ेगा।अतः चलना तो है ही।ताकि घर भी चल सके। 


Comments

Popular posts from this blog

गणतंत्र दिवस और उस लड़की के स्वप्न...

उस लड़की के घर में स्वतंत्रता दिवस,गणतंत्र दिवस जैसे दिन एक उत्सव के रूप में मनाया जाता था।उसके पिताजी का कथन था कि ये दो दिन तो राष्ट्रीय पर्व का दिन है।पिताजी अन्य त्यौहारों पर भले उत्साहित रहें न रहें‌ अथवा मां के कहे अनुसार भोजन तथा अन्य त्यौहार अनुसार सामग्रियां लेकर आतें किंतु स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर वे बिना कहे भोजन सामग्री ले आतें और मां को बनाने को कहते।सुबह-सवेरे ही घर में टेलीविजन खुल जाता और दोनों दिनों के ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम तथा गणतंत्र दिवस पर होने वाली विभिन्न झांकियों का पूरा परिवार मिलकर आनंद लेतें।जाहिर सी बात है कि वैसे माहौल में कौन भला होगा जो सोया रहे। पिताजी बराबर सब भाई-बहनों को सुबह जल्दी उठकर टेलीविजन पर चलने वाले कार्यक्रमों को देखने के लिए कहतें।किंतु वह‌ लड़की उस माहौल में भी सोई रहती।मां डराती कि उठ जाए अन्यथा पिताजी नाराज़ होंगे।किंतु वह लड़की इतना ही कहती कि वह एक दिन वहां उपस्थित होकर इन‌ दो दिनों के कार्यक्रमों को देखेगी और वह भी किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में उसे अवसर मिलेगा और तब तक वह टेलीविजन पर नहीं देखेगी।मां इस बात से खी...

उदास दिन...

मैं अक्सर बेहिसाब उदासी से भर जाती हूं।इतनी उदास कि इस उदासी से दुनिया में एक नया महासागर बन‌ सकता है और दुनिया के नक्शे में पांच महासागर की जगह कुल छह समंदर हो जाएं।जब मैं कहती हूं किसी अपने से कि बहुत उदास हूं तो वह मुझे समझाता है कि फलां-फलां कारण से उदास हो और फलां-फलां काम करो,मन लगाओ तो उदासी दूर हो जाएगी। गोया उदास होना बहुत बुरी बात हो।कोई नहीं मिलता जो ये कहे कि ओह!उदास हो!अच्छी बात है,रहो उदास और इस दुनिया की चिंता मत करो।यह उदासी तुम्हारी यानि मेरा किरदार है इस दुनियावी रंगमंच पर। वर्ष भर के किन्ही‌ कमजोर दिनों में मैं अपनी उदासी को साधने में नाकामयाब होती हूं और तब उन दिनों में मैं अपने पसंदीदा गाना नहीं गा पाती‌ हूं।उन गीतों को भी नहीं जो प्रसन्नता के दिनों में बड़े सुर में निकलते हैं।उदासी‌ भरे गीतों के तो बोल तक नहीं फूटते कंठ से जबकि मुझे लगता है मेरी आवाज़ पर वे ही गीत अधिक फबते हैं।इन बेहद गहरे उदास दिनों में कुछ लिखा‌ भी नहीं जाता।शब्द कहीं खो जाते हैं।अर्थ अपनी अभिव्यक्ति में असमर्थ से हो जाते हैं।उथले से वाक्य बनते हैं और बेहद छिछले से वाक्यांश।और कलम!साध लेती है च...

समय से छले गए हमलोग...

बहन-बेटियों के लिए मायके की धूल भी स्वर्ण जैसे प्यारी होती है।फिर मायके में कोई दुखद घटना घट जाए और पता भी न चले तो ह्रदय धक् से दुख के गहनतम तल पर जा धंसता है।या कोई अच्छी बात घटे तो उसे सुनकर प्रसन्न होती हैं किंतु इस प्रसन्नता में एक दबी सी आह छिपी होती है कि वे क्यों न सम्मिलित हो पाईं उस सुख या दुख में।उस दुख को बांटने या कहें कि उससे निकलने के लिए और वर्तमान में आने के लिए बहनें जो अलग-अलग देश में ब्याह दी गई हैं,एक-दूसरे से बातें करती हैं,पुराने दिनों को याद कर कभी रोती,कभी हंसती हैं।लेकिन इन तमाम बातों के बीच भी यह बात उन्हें अधिक सालती है कि फलाने आजी-बाबा,फलाने भैय्या-भौजी (और तमाम इस तरह के रिश्ते) अब नहीं रहें और यह खबर बेटियों तक देर से पहुंची।बेटियां सच में एकदिन इतनी परायी हो जाती हैं कि घरवाले गाॅंव-जवार की खबर देना भी बेटियों को आवश्यक नहीं समझतें। एक समय बाद वह घर जहां जन्म लियें,वह‌ गाॅंव,गाॅंव के लोग जिनके बीच पलकर बड़े हुए,रोते-रोते जिनसे यह कह कर विदा ली कि अब हंसते रहेंगे और अब जब अरसा बीत गया मायके गये तो जाने पर उनमें से कुछ से भेंट होगी,न होगी,कौन जाने! बहरहाल...