Skip to main content

मशीन में प्रेत...

 

जब हम प्यार या दोस्ती में सबकुछ न्योछावर कर देते हैं और फिर भी अकेले रह जाते हैं तो ऐसे हालात में दो ही लोग अकेले रह सकते हैं या तो देवता या प्रेत।
मैं देवता तो कत्तई नहीं हूँ! जो होती तो या तो मनुष्य के प्रेम में नहीं पड़ती या फिर वियोग का दुख नहीं सहती।फिर,तो क्या मैं प्रेत हूँ?खुद को टटोला तो पाया कि आत्मा तो अनश्वर है,और यूं भी घायल,अभिशप्त आत्मा की मुक्ति कहाँ।उसपर तो मनो बोझ है वैसे भी;घायल मन और स्मृतियों के ढेर बटोरे देह के साथ,वह भला कहाँ चढ़ पायेगा मुक्ति की सीढियां।आत्मा भटकाव में तो है।फिर यह जो दिखाई देता है देह,जो मन को लिए लिए चलता-फिरता औरों की तरह जीता है,वह क्या है?प्रेत तो यूं सबको दिखाई नहीं देता?कितनी अजीब बात है न!प्रेत का भटकना किसी को नहीं दिखता;मेरा भटकना भी भला कौन देख पा रहा है।तो मैं सच में प्रेत हूँ,भटकती,अकेले?अजीब बात है कि दर्द भी है,मैं पीड़ा में चिल्ला भी रही हूं पर कोई सुनता ही नहीं।दर्द इतना कि बताऊँ दीदी तुम्हें,जब मां के अंतिम संस्कार में तुम्हारे पैर पर गिरी थी चारपाई और कुछ देर की शून्यता के बाद तुम्हारे मुंह से बस यही निकल रहा था कि‘अरे जान निकल गया,अब नहीं बचेंगे’।मैं कैसे कहूँ!किसे बताऊँ कि बची तो मैं भी नहीं!बस जान ही नहीं निकली अब तक!कोई है भी तो नहीं तुम्हारी तरह मेरे दर्द को समझ जो लगाये हल्दी,दे दवाई;और हिदायत भी कि क्यों इतना मंजन करना कि दर्द ही न बर्दाश्त हो,और कैसे घूर के देखा था तुमने!मानो कह रही हो ‘इस समय भी उपदेश’!यही स्थिति प्रेम में पड़े लोगों की होती है,रूकने से भला कहाँ रूकने वाली ये बला!और एक बार चोट खाने के बाद उलाहना के बोल नहीं, सांत्वना के शब्द ही आत्मा सुनना चाहती है कि घड़ी भर को तो आराम हो।तुम्हारा दर्द तो थम गया;मैं अब भी दर्द में हूँ पर कोई सुनता नहीं,सुन पाता नहीं।काश!तुम्ही सुन पाती तो समझ पाती कितना दुख है; और बता पाती सबको कि मैं प्रेत हूँ सच में।एक लम्बे समय तक कहाँ कोई सह पाता होगा ऐसा दर्द;तुम भलीभांति समझ सकती हो इसे।जब क्षणभर को देह का दर्द नहीं संभल रहा था तो मन का,आत्मा का दुख किस विध संभले!मैं तो अकेले भी हूँ अब तलक अपने दर्द के साथ।
मैं सच में प्रेत हूँ!
इससे पहले कि कोई खंडन करे इस बात का,हंसे मेरी बात पर;मैं बता दूं पश्चिम के महान दार्शनिक राइल ने कहा भी है,एक ऐसा सिद्धांत ही दिया है”मशीन में प्रेत”।तो मैं दिखाई दे रही हूं,यह जानकर कोई मेरे प्रेतत्व का निषेध न करे;मैं तो देह रूपी मशीन में भटकती प्रेत हूँ।अब कोई उत्साही डेकार्ट के ओर से मुझे गलत सिद्ध करना चाहे तो देखिए Father of western philosophy कह तो रहा है कि जो सोचता है वही है;एक फीकी सी हंसी हंसता है मन,यह सोचकर।क्योंकि मेरी सोच;मेरी सोच अब  रह कहाँ गई है;वह तो उस प्रेत में तब्दील करने वाले के आगे बढ़ ही नहीं पाती;मैं अब तलक भटक रही हूं उसी की सोच में।और जो कुछ और सोच ही नहीं पाए,जिसकी बुद्धि जड़वत हो गई है,वह वह आत्मा तो नहीं जो जीवित हो!
मैं सच में प्रेत हूँ!
आह!मैं चाह रही हूं कि यह लिखना खत्म करने से पहले कोई तो हो जो सिद्ध कर दे कि मैं प्रेत नहीं हूँ।सोचा कलम रखने से पहले अपने प्रिय लेखक की पुस्तकों के हर्फों से गुजरूं;शायद कुछ राहत मिल जाए और ये भी कि मैं प्रेत नहीं हूँ।पर हाय रे किस्मत!प्रिय लेखक,आत्मीय सार्त्र कह रहे हैं कि जो होता है,वही सोचता है।अब भला मैं क्या कहूँ;मैने जो उससे अलग खुद को समझा नहीं एक बार उसका होने के बाद,और उसने मुझे अलग कर दिया यूं,मानो मैं कभी थी ही नहीं;तो मैं भला कहाँ हूँ!रूके,कोई अगर फिर भी यह सिद्ध करना चाह रहा हो कि मैं हूँ;तो मैं बताऊँ एक बार फिर अपने दर्द को समेटे कि आखिरी संदेश में उसने यही कहा था कि“तुम्हारा होना,मेरे लिए वहीं तक था”;संभवतः दिसम्बर के किसी सर्द दिन में मेरा होना भी सर्द पड़ गया था,देह के साथ मन,और मन के साथ आत्मा सब ठंडे पड़ गए थे,शायद यह होना मेरा वहीं तक था!ओह!मुझे प्यार करने वाली बहन,मेरा प्रिय लेखक कोई बचा नहीं पाया मुझे प्रेत बनने से!
मैं शायद सच में प्रेत हूँ।।
सोच रही हूं इस नन्हे अदृश्य जीव को धन्यवाद तो दे दूं कलम रखने से पहले कि प्रेत ही सही,मैने जाना तो सही खुद को।मैं जो बाहर-बाहर भटक रही थी,मुझे कैद किया मेरे दो कमरे में और सारा भटकाव सिमट आया इस दो कमरे में।मैं जो छुपा रही थी अपने प्रेतत्व को।मैं जो छुप रही थी अपने प्रेतत्व के पीछे।अब सबकुछ समक्ष आ गया है,सारे भेद खुल गए हैं कि कोई मुझे सुनता क्यों नहीं, कोई मुझे समझता क्यों नहीं;प्रेत को भी भला कोई सुनता समझता है!!
रंज़ इस बात का रहेगा कि तुम्हारे दोस्ती,प्यार में बन न पाई देवता;बनी भी तो क्या;प्रेत!जानती हूँ जो तुम यह भेद जानोगे,तो यही कहोगे कि“जिसके कर्मों की  माफी नहीं होती”,वह दर्द लिए भटकता हुआ बनता है प्रेत ही।यही मेरी गति और स्थिति है कि मैं सबकुछ न्योछावर करने के बाद भी बनी तो क्या,पाई भी कोई योनि तो क्या!प्रेत योनि।।
पर बधाई तुम्हें मेरी दोस्त!कि कोई जानता नहीं कि मैं कौन हूँ।।

Comments

Popular posts from this blog

गणतंत्र दिवस और उस लड़की के स्वप्न...

उस लड़की के घर में स्वतंत्रता दिवस,गणतंत्र दिवस जैसे दिन एक उत्सव के रूप में मनाया जाता था।उसके पिताजी का कथन था कि ये दो दिन तो राष्ट्रीय पर्व का दिन है।पिताजी अन्य त्यौहारों पर भले उत्साहित रहें न रहें‌ अथवा मां के कहे अनुसार भोजन तथा अन्य त्यौहार अनुसार सामग्रियां लेकर आतें किंतु स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर वे बिना कहे भोजन सामग्री ले आतें और मां को बनाने को कहते।सुबह-सवेरे ही घर में टेलीविजन खुल जाता और दोनों दिनों के ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम तथा गणतंत्र दिवस पर होने वाली विभिन्न झांकियों का पूरा परिवार मिलकर आनंद लेतें।जाहिर सी बात है कि वैसे माहौल में कौन भला होगा जो सोया रहे। पिताजी बराबर सब भाई-बहनों को सुबह जल्दी उठकर टेलीविजन पर चलने वाले कार्यक्रमों को देखने के लिए कहतें।किंतु वह‌ लड़की उस माहौल में भी सोई रहती।मां डराती कि उठ जाए अन्यथा पिताजी नाराज़ होंगे।किंतु वह लड़की इतना ही कहती कि वह एक दिन वहां उपस्थित होकर इन‌ दो दिनों के कार्यक्रमों को देखेगी और वह भी किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में उसे अवसर मिलेगा और तब तक वह टेलीविजन पर नहीं देखेगी।मां इस बात से खी...

19/06/2025

मां जब बीमार पड़ी और ऐसी पड़ी कि फिर पहले जैसी न हुईं,उन्हीं दिनों की बात है जब देह में एक अनजाने रोग ने दस्तक दी।दस्तक ही इतनी जोरदार थी कि लगा आगे क्या होगा।इन भय से भरे दिन में जब मां से मिलने गई किंतु बता न सकी कि मैं कितने दर्द में हूं,तभी कि बात है। बीमारी से पहले मां को न रोग बताने पड़ते थें न पीड़ाओं की गहराई,चाहे वह देह पर लगी हो या मन पर।न जाने कौन सी पढ़ाई उसने कहां से की थी कि कुछ कहना नहीं पड़ता था गो वह जानती थी कि मुझे शायद कहने नहीं आता या कहूंगी नहीं। तब दर्द से रातभर जगने के कारण अगली सुबह जब शरीर के कुछ कदम चलने में भी सहयोग देने से मना करने पर मां के बगल में लेटी।तब स्वयं पर जीवन में पहली बार दया आई।मन इस वेदना से मनो भारी हो गया कि अब दर्द को बिना कहे कोई समझने वाला नहीं है।अब बीमार पड़ने पर कोई दौड़-दौड़कर दवा लाने वाला नहीं है। वह पहली बार था जब बीमार पड़ने पर स्वयं पर रोना आया।अब भी बीमार पड़ती हूं,बीमारी में रोना आता है किंतु अब खुद पर उस दिन जैसी दया नहीं आती।अब कहने का सहूर भी आ गया है।यह न कहना भी कृतघ्नता होगी कि जीवन के सामाजिक दायरे ने ऐसा खुशनुमा विस्तार...

उदास दिन...

मैं अक्सर बेहिसाब उदासी से भर जाती हूं।इतनी उदास कि इस उदासी से दुनिया में एक नया महासागर बन‌ सकता है और दुनिया के नक्शे में पांच महासागर की जगह कुल छह समंदर हो जाएं।जब मैं कहती हूं किसी अपने से कि बहुत उदास हूं तो वह मुझे समझाता है कि फलां-फलां कारण से उदास हो और फलां-फलां काम करो,मन लगाओ तो उदासी दूर हो जाएगी। गोया उदास होना बहुत बुरी बात हो।कोई नहीं मिलता जो ये कहे कि ओह!उदास हो!अच्छी बात है,रहो उदास और इस दुनिया की चिंता मत करो।यह उदासी तुम्हारी यानि मेरा किरदार है इस दुनियावी रंगमंच पर। वर्ष भर के किन्ही‌ कमजोर दिनों में मैं अपनी उदासी को साधने में नाकामयाब होती हूं और तब उन दिनों में मैं अपने पसंदीदा गाना नहीं गा पाती‌ हूं।उन गीतों को भी नहीं जो प्रसन्नता के दिनों में बड़े सुर में निकलते हैं।उदासी‌ भरे गीतों के तो बोल तक नहीं फूटते कंठ से जबकि मुझे लगता है मेरी आवाज़ पर वे ही गीत अधिक फबते हैं।इन बेहद गहरे उदास दिनों में कुछ लिखा‌ भी नहीं जाता।शब्द कहीं खो जाते हैं।अर्थ अपनी अभिव्यक्ति में असमर्थ से हो जाते हैं।उथले से वाक्य बनते हैं और बेहद छिछले से वाक्यांश।और कलम!साध लेती है च...