Skip to main content

पत्र,जो जिन्हें लिखे जाते हैं, उन तक नहीं पहुंचते…

 

इससे पहले कई बार लिखा है पत्र, पर आपको हिम्मत नहीं हुई कुछ लिखने की। जीवन भर की सभी असहमतियों के बाद भी एक अपराध बोध से हृदय भरा है आपके प्रति। अक़्सर यूँ होता है कि किसी से मिलने पर सामने वाला व्यक्ति माता-पिता दोनों के बारे में पूछता है, आज किसी ने पूछा तो केवल आपको! उस भले मानुष को स्मरण था पहली बार महाविद्यालय में योगदान देने जब मैं आई थी, साथ में भैया थे, उन्हें लगा था कि वे मेरे पिता हैं। मुझे प्रसन्नता हुई कि मुझे उस व्यक्ति का चेहरा तक ध्यान में नहीं! फिर भी उन्हें मैं याद थी।अजीब बात है कि मुझे किसी के चेहरे जल्दी याद नहीं रहते जिसका प्रतिफल यह मिलता है कि जिन कुछ लोगों के स्मरण होते हैं, वे मुझे भूल जाते हैं। अच्छा है य़ह, मैं समझती हूं कि बुरे कर्मों का मेरे हिसाब होता चल रहा है। कर्मों के संचीयमान खाते में कुछ जमा नहीं हो रहा है।किंतु उन्होंने जब ये पूछा कि ‘पिताजी कैसे हैं?, सच मानिये, मेरा मन नहीं हुआ जो वास्तविकता है, उसे बताने की!मैंने उनके इस प्रश्न को उपेक्षित कर दिया,मेरा मन हुआ कह दूँ कि आप ठीक हैं।जबकि ये भी नहीं पता कि आप कहाँ और किस हाल में हैं।नियति की यह कैसी कठोरतम परीक्षा है! जिसके परिणाम में असफल ही होना है।परंतु बारंबार, जबतब नियति मनुष्यों के मुख से यह प्रश्न पूछती ही रहती है।परंतु उनकी आत्मीयता थी सम्भवतः ये कि उन्होंने पुनः पूछा कि ‘ पिताजी कैसे हैं ‘,न जाने कैसे सूझा ये उत्तर! और मैंने कहा वे मेरे भैया थे जिनसे आप उस वक़्त मिले थे।और य़ह कहकर मैंने अपने आपको बचा लिया उस उत्तर को देने से, जिसे मैं देना ही नहीं चाहती थी। फिर भी आंखे भर आईं और मुझे खुद की आँखों को छुपाने की जगह नहीं मिल रही थी। एक बार दीदी ने कहा था कि ‘बड़ा सुकून मिलता है और ईश्वर को धन्यवाद देती हूं कि इस उम्र में भी मुझे माता -पिता के नाम के आगे late नहीं लिखना पड़ता, क्यूंकि जब किसी को ऐसा लिखते देखती हूँ तो यही प्रार्थना करती हूं कि ऐसा दिन कभी न आए’! अब दीदी से क्या कहूँ कि वह आपका भय मेरी नियति बन गई जबकि आपकी उम्र से मेरी उम्र का फासला लगभग 15 वर्ष है।क्या आपको पता है,ऐसे प्रश्नों से बचने के कारण ही मैं किसी से मिलना नहीं चाहती, मानो आपके भौतिक रूप से न होने की कड़वाहट को मैं आँखों में नहीं भरना चाहती।मेरी आंखें,जैसे पुष्कर मेघ कि जरा सा पूछे कोई आपको कि बरसने को तैयार!दो प्रश्न जो मुझमें दुःख और चिढ़ उत्पन्न करते हैं, एक तो परिवार में कौन-कौन है और दूसरा विवाह संबंधी! जी में आता है अपने कमरे के बाहर यह लिख दूँ, कृपया ये दो प्रश्न बाहर छोड़कर ही मेरे घर में प्रवेश कीजिए। यह आगंतुक का मन दुखाने के लिए नहीं बल्कि स्वयं को दुख से बचाने के लिए।किंतु परेशानी यह भी है कि मुझे अपने कमरे से निकल कर भीड़ में शामिल होना पड़ता है हर रोज,न चाहते हुए भी।
मुझे आश्चर्य होता है उन लोगों पर जो जीते जी इस तरह मुहँ मोड़ लेते हैं कि जीते जी किसी के होने न होने का कोई अर्थ नहीं रह जाता! मन क्लांत हो जाता है जब खून के रिश्ते जीते जी रिश्ता समाप्त करने की बात करते हैं। मुझे पीड़ा के साथ आश्चर्य होता है कि क्या ऐसा कहने-करने वाले को यह नहीं पता कि मृत्यु एक दिन स्वयं सब समाप्त कर देगी। जब वह समाप्त करने आएगी एक जीवन के साथ, उससे जुड़े प्रत्येक रिश्ते को, तब वह पूछेगी नहीं कि किससे रिश्ता समाप्त करना है, किसका मुहँ अब नहीं देखना है। इस क्रूरता के साथ मृत्यु की यह निर्लज्जता कि वह कब आ जाए, हमे नहीं पता! फिर भी यदि कोई ऐसा कहता है तब मैं सोचती हूँ नफ़रतों की इससे बढ़कर क्या ही ऊंचाई होगी!
फिर भी आज का दिन इस सुकुनभाव से भरा रहा, जब उन भलेमानुष ने कहा-‘ यहाँ किसी प्रकार की कोई चिंता करने की आवश्यकता नहीं, हम यहीं के हैं लोकल, इसलिए किसी से डरने की आवश्यकता नहीं। इस शहर के नहीं होने की जिस बात से लोग डराते हैं, एक अजनबीपन और नजरों में हिकारत अपनाए रहते हैं कि मैं बाहर की हूं, उस बात का हवाला देकर जब कोई इस तरह से आश्वस्ति दे, मैं समझती हूं एक शहर अपने ऐसे ही लोगों से पतझड़ में भी बसंत खिलाए हुए होता है। ऐसे इस शहर और उस भलेमानुष के जीवन में सदैव बसंत अपने पूरे यौवन के साथ बनी रहे, यही मनोकामना है।
मैं आपके जीवन के अकेलेपन का, और वह भी जीवन के उत्तरार्द्ध के अकेलेपन का केवल अनुमान ही लगा सकती हूं।पिछले तीन दिनों से बिजली न होने के कारण रात में भी पूरे घर में अंधेरा करके रखना विवशता है किन्तु यह इतना भयावह है,जैसे अस्तित्व का समस्त अंधकार कमरे में चारो ओर पसरा हुआ हो। जबकि खिड़की से रोशनी झाँक कर कुछ दिलासा देने का प्रयास कर रही है तब भी एक अनजाने भय से डरी हुई हूँ।अंतर्मन ,यह सोच-सोच कर कि आपके जीवन में वह खिड़की भी नहीं थी, अपराध बोध से धरती में धंसा जा रहा है कि पाताल लोक भी ऐसे मन को स्थान नहीं देना चाहता और इसे नीचे की ओर ही धकेलता जा रहा है।बस,मुझे ही यह धरती नहीं धंसा लेती कभी किसी रोज़ कि पता तो चले आप कहाँ और कैसे हैं?

Comments

Popular posts from this blog

गणतंत्र दिवस और उस लड़की के स्वप्न...

उस लड़की के घर में स्वतंत्रता दिवस,गणतंत्र दिवस जैसे दिन एक उत्सव के रूप में मनाया जाता था।उसके पिताजी का कथन था कि ये दो दिन तो राष्ट्रीय पर्व का दिन है।पिताजी अन्य त्यौहारों पर भले उत्साहित रहें न रहें‌ अथवा मां के कहे अनुसार भोजन तथा अन्य त्यौहार अनुसार सामग्रियां लेकर आतें किंतु स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर वे बिना कहे भोजन सामग्री ले आतें और मां को बनाने को कहते।सुबह-सवेरे ही घर में टेलीविजन खुल जाता और दोनों दिनों के ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम तथा गणतंत्र दिवस पर होने वाली विभिन्न झांकियों का पूरा परिवार मिलकर आनंद लेतें।जाहिर सी बात है कि वैसे माहौल में कौन भला होगा जो सोया रहे। पिताजी बराबर सब भाई-बहनों को सुबह जल्दी उठकर टेलीविजन पर चलने वाले कार्यक्रमों को देखने के लिए कहतें।किंतु वह‌ लड़की उस माहौल में भी सोई रहती।मां डराती कि उठ जाए अन्यथा पिताजी नाराज़ होंगे।किंतु वह लड़की इतना ही कहती कि वह एक दिन वहां उपस्थित होकर इन‌ दो दिनों के कार्यक्रमों को देखेगी और वह भी किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में उसे अवसर मिलेगा और तब तक वह टेलीविजन पर नहीं देखेगी।मां इस बात से खी...

19/06/2025

मां जब बीमार पड़ी और ऐसी पड़ी कि फिर पहले जैसी न हुईं,उन्हीं दिनों की बात है जब देह में एक अनजाने रोग ने दस्तक दी।दस्तक ही इतनी जोरदार थी कि लगा आगे क्या होगा।इन भय से भरे दिन में जब मां से मिलने गई किंतु बता न सकी कि मैं कितने दर्द में हूं,तभी कि बात है। बीमारी से पहले मां को न रोग बताने पड़ते थें न पीड़ाओं की गहराई,चाहे वह देह पर लगी हो या मन पर।न जाने कौन सी पढ़ाई उसने कहां से की थी कि कुछ कहना नहीं पड़ता था गो वह जानती थी कि मुझे शायद कहने नहीं आता या कहूंगी नहीं। तब दर्द से रातभर जगने के कारण अगली सुबह जब शरीर के कुछ कदम चलने में भी सहयोग देने से मना करने पर मां के बगल में लेटी।तब स्वयं पर जीवन में पहली बार दया आई।मन इस वेदना से मनो भारी हो गया कि अब दर्द को बिना कहे कोई समझने वाला नहीं है।अब बीमार पड़ने पर कोई दौड़-दौड़कर दवा लाने वाला नहीं है। वह पहली बार था जब बीमार पड़ने पर स्वयं पर रोना आया।अब भी बीमार पड़ती हूं,बीमारी में रोना आता है किंतु अब खुद पर उस दिन जैसी दया नहीं आती।अब कहने का सहूर भी आ गया है।यह न कहना भी कृतघ्नता होगी कि जीवन के सामाजिक दायरे ने ऐसा खुशनुमा विस्तार...

उदास दिन...

मैं अक्सर बेहिसाब उदासी से भर जाती हूं।इतनी उदास कि इस उदासी से दुनिया में एक नया महासागर बन‌ सकता है और दुनिया के नक्शे में पांच महासागर की जगह कुल छह समंदर हो जाएं।जब मैं कहती हूं किसी अपने से कि बहुत उदास हूं तो वह मुझे समझाता है कि फलां-फलां कारण से उदास हो और फलां-फलां काम करो,मन लगाओ तो उदासी दूर हो जाएगी। गोया उदास होना बहुत बुरी बात हो।कोई नहीं मिलता जो ये कहे कि ओह!उदास हो!अच्छी बात है,रहो उदास और इस दुनिया की चिंता मत करो।यह उदासी तुम्हारी यानि मेरा किरदार है इस दुनियावी रंगमंच पर। वर्ष भर के किन्ही‌ कमजोर दिनों में मैं अपनी उदासी को साधने में नाकामयाब होती हूं और तब उन दिनों में मैं अपने पसंदीदा गाना नहीं गा पाती‌ हूं।उन गीतों को भी नहीं जो प्रसन्नता के दिनों में बड़े सुर में निकलते हैं।उदासी‌ भरे गीतों के तो बोल तक नहीं फूटते कंठ से जबकि मुझे लगता है मेरी आवाज़ पर वे ही गीत अधिक फबते हैं।इन बेहद गहरे उदास दिनों में कुछ लिखा‌ भी नहीं जाता।शब्द कहीं खो जाते हैं।अर्थ अपनी अभिव्यक्ति में असमर्थ से हो जाते हैं।उथले से वाक्य बनते हैं और बेहद छिछले से वाक्यांश।और कलम!साध लेती है च...